Kailash Colony Delhi News: दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में आरोपी चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। जिसके बाद पैदल जा रहे एक दंपति को भी कुचल दिया। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ग्रेटर कैलाश-1 थाना पुलिस को कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी चालक ने वाहन चलाते हुए पहले कई वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद सड़क पर पैदल जा रहे एक दंपती को भी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान 71 वर्षीय शशि और 65 वर्षीय उनके पति कुलभूषण के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए तत्काल मूलचंद अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने शशि को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कुलभूषण का इलाज किया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई गई और बाद में उन्हें बयान देने के लिए फिट घोषित किया गया।
आरोपी चालक गिरफ्तार
हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच में वाहन की गति, चालक की भूमिका और हादसे से पहले वाहन के कई अन्य गाड़ियों से टकराने के कारणों को भी देखा जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में ग्रेटर कैलाश-1 थाने में BNS की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
