Delhi Jantar Mantar News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो में कथित तौर पर जाति से जुड़ी आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों के मामले में यूट्यूबर अजीत भारती के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। मामला नॉर्थ एवेन्यू थाने में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बालाक्रम बौद्ध की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, अजीत भारती ने 22 अगस्त को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में आरक्षण, जाति और अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े लोगों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कहीं। शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में वीडियो और उसके स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
FIR में चंद्रशेखर आजाद और डॉ. अंबेडकर का भी जिक्र
एफआईआर में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि वीडियो में चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसके अलावा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के संदर्भ में कही गई बातों को भी शिकायत में शामिल किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में की गई टिप्पणियों से अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने पुलिस से वीडियो की मूल जानकारी, उसे अपलोड करने वाले अकाउंट की डिटेल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित अन्य डिजिटल रिकॉर्ड जुटाने की मांग की है।
SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में केस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर SC/ST एक्ट, आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस वीडियो की पूरी सामग्री और उसके संदर्भ की जांच करेगी। इसके साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया पर किस तरह और किन लोगों ने प्रसारित किया, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच कर रही है। FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
