उत्तर और पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। जबकि पूर्वोत्तर भारत के साथ ही दक्षिण भारत में भी भारी-बारिश और आंधी-तूफान का दौर है। इस तरह से देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ उत्तर और उत्तर पश्चिमी राज्यों में भीषण गर्मी और Heatwave से लोगों का बुरा हाल है। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा भी बढ़ गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि देश के कई अन्य राज्यों में बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
26 मई को केरल तट पर पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को पूरी तरह कवर कर लिया है। यहां मानसून की गतिविधियां 16 मई को ही शुरू हो गई थीं। अब मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है, जिससे देश में बारिश के मौसम की औपचारिक शुरुआत भी माना जाता है।
कल-परसों, दो दिन होगी झमाझम बारिश
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में लगभग हर तरफ अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अलग-अलग दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। खासकर कल यानी गुरुवार 21 और शुक्रवार 22 मई को असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी इस दौरान तेज बारिश हो सकती है।
आंधी बारिश और ठनका की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि भारी बारिश के दौरान जलभराव, फिसलन और विजिबिलिटी कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। बिहार में 21 मई तक आंधी, धूलभरी हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी तेज सतही हवाओं और तूफानी गतिविधियों का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में यह बदलाव कई इलाकों में गर्मी से राहत दे सकता है, लेकिन बिजली गिरने और तेज हवाओं से स्थानीय स्तर पर परेशानी भी बढ़ सकती है।
केरल में बन रहा बारिश का माहौल
दक्षिण भारत में मानसून की गतिविधियां मजबूत होने लगी हैं। केरल और माहे में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं लक्षद्वीप में भी इस हफ्ते कई दिनों तक तेज बारिश हो सकती है। अरब सागर में बढ़ रही नमी के कारण तटीय क्षेत्रों में बादल और बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।
यहां Heatwave से परेशान हैं लोग
इसके उलट उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का कहर जारी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार 24 मई तक भीषण लू चलने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी तेज गर्मी बनी रहेगी। मध्य प्रदेश के कई इलाके भी अत्यधिक तापमान की मार झेल रहे हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में Heatwave का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहने की संभावना है।
राजस्थान में 'वॉर्म नाइट' की स्थिति भी बनी हुई है, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। लू वाले क्षेत्रों में लोगों से अपील है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, दोपहर में धूप से बचने और स्थानीय मौसम चेतावनियों पर भी नजर बनाए रखें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
