Andhra Pradesh Kurnool Bus Fire: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ। बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही एक बस अचानक आग की लपटों में घिर गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसा कुरनूल जिले के कल्लूर मंडल के चिन्ना टेकुरु गांव के पास हुआ। माना जा रहा है कि यह निजी बस एक दोपहिया वाहन से टकराई जिसके बाद, बस में आग लग गई। इस हादसे में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
40 लोग थे सवार
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद इनमें से कम से कम 12 यात्रियों ने इमरजेंसी एग्जिट से कूदकर अपनी जान बचाई। बाकी यात्रियों में से कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत कुरनूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में 20 से अधिक यात्रियों की मौत हुई है। मृतकों में एक बाइक सवार भी शामिल है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, बस जब मोटरसाइकिल बस से टकराई तो उसका फ्यूल कैप खुल गया और बस के नीचे घिसटने से उसमें आग लग गई।
CM ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा कि कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुर गांव के पास हुई भीषण बस आग दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। सरकारी अधिकारी घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।
राष्ट्रपति ने भी जताई संवेदनाएं
घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख जताया है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
