Delhi News: दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पद पर तैनात 30 वर्षीय नाजिया खानम की द्वारका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नाजिया के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि नाजिया लगभग तीन महीने की गर्भवती थी। परिवार ने पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए CBI जांच और ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
ससुराल पक्ष पर मारपीट और हत्या के आरोप
परिजनों के अनुसार, नाजिया की शादी 11 अप्रैल 2026 को आजम अली खान से हुई थी। उसके भाई शादाब खान का आरोप है कि शादी के बाद से ही नाजिया को पति, सास-ससुर और अन्य ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। परिवार ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं।
ससुर ने फोन कर दी गई मौत की जानकारी
परिवार ने बताया कि 21 अगस्त की सुबह करीब चार बजे नाजिया के ससुर ने फोन कर उसकी मौत की जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि उन्हें बताया गया कि नाजिया ने खुदकुशी कर ली है। हालांकि, परिवार ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से वे लगातार द्वारका सेक्टर-23 थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की जा रही। परिवार ने थाना प्रभारी और जांच से जुड़े पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार ने SHO और जांच अधिकारी सतपाल व जयपाल की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है। इसलिए वे मामले की जांच CBI से कराने की मांग कर रहे हैं। नाजिया के परिजनों ने न्याय मिलने तक शव लेने से भी इनकार कर दिया है।
SSC CGL पास कर ASO बनी थी नाजिया
नाजिया के परिवार ने बताया कि उनके पिता अब्दुल तौवाब खान ट्रक ड्राइवर हैं। उनके मुताबिक नाजिया ने आर्थिक परेशानियों के बावजूद कड़ी मेहनत से पढ़ाई की और SSC CGL परीक्षा पास कर केंद्र सरकार में ASO का पद हासिल किया। पिता का आरोप है कि अब जिस बेटी ने मुश्किल हालात से निकलकर सरकारी नौकरी हासिल की, उसके परिवार को उसकी मौत के मामले में न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
पति और ससुराल वालों पर FIR की मांग
परिजनों ने पति आजम अली खान, सास-ससुर और अन्य संबंधित ससुराल वालों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने थाना स्तर पर पुलिस की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच और पूरे मामले की CBI जांच की मांग दोहराई है। फिलहाल परिवार मौत की परिस्थितियों को लेकर निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
