शहर

Lucknow: शहीद गुलाब सिंह लोधी को CM योगी ने अर्पित की पुष्पांजलि; अलीगढ़ स्टेडियम से लेकर महापुरुषों के पार्कों के कायाकल्प का बड़ा ऐलान

Lucknow: स्वाधीनता संग्राम सेनानी शहीद गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस पर लखनऊ में CM योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान CM योगी ने वीरांगनाओं के सम्मान और महापुरुषों के स्मारकों के लिए 500 करोड़ के प्रावधान का ऐलान किया।

Image

शहीद गुलाब सिंह लोधी की प्रतिमा पर CM योगी ने दी पुष्पांजलि (X/@myogiadityanath)

Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानी शहीद गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश और देश के स्वाधीनता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, क्रांतिकारियों और वीरांगनाओं की स्मृतियों को जीवित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

वीरांगनाओं के शौर्य को नमन: PAC बटालियन और स्टेडियम का नामकरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की आजादी में नारी शक्ति के योगदान को याद करते हुए प्रदेश में ऐतिहासिक पहलों की घोषणा की। बदायूं में नई स्थापित हो रही पीएसी (PAC) बटालियन का नामकरण वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर किया गया है। इसके अलावा, अलीगढ़ के एक प्रसिद्ध खेल स्टेडियम का नाम भी वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा गया है। वहीं लखनऊ में नवगठित महिला PAC बटालियन को वीरांगना ऊदा देवी पासी का नाम दिया गया है। साथ ही गोरखपुर में स्थापित नई महिला PAC बटालियन का नामकरण 1857 की क्रांति की महान नायिका वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सभी वे नाम हैं जिनका योगदान भारत की आजादी के लिए था। जिन्होंने अपना बलिदान भारत की स्वाधीनता को हर हाल में लाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया था। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने सभी अमर बलिदानियों को के पुण्य स्मरण को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

महापुरुषों और पार्कों के संरक्षण के लिए 500 करोड़ का बजट

सामाजिक न्याय, समानता और स्वाधीनता आंदोलन में अद्वितीय योगदान देने वाली महान विभूतियों के सम्मान में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने हाल ही में महापुरुषों के सम्मान, सुरक्षा और स्मारकों के विकास के लिए लगभग 500 करोड़ का फंड स्वीकृत किया है। इस योजना के तहत बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत गुरु रविदास महाराज, और महर्षि वाल्मीकि महाराज जैसी पूज्य हस्तियों से जुड़े स्थलों और स्मारकों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छतरियां लगाने, पार्कों के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार तथा उनकी सुरक्षा और रखरखाव के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article