शहर

रक्षाबंधन पर घर जाने वालों के लिए राहत, रेलवे ने 5 रूटों पर चलाईं 47 स्पेशल ट्रेनें

रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वेस्ट सेंट्रल रेलवे ने पांच प्रमुख रूटों पर 47 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें 22 से 31 अगस्त के बीच चलेंगी।

Image

रक्षा बंधन पर पांच रूटों पर चलेंगी 47 स्पेशल ट्रेनें (File Photo)

Photo : PTI

रक्षाबंधन के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। भारतीय रेलवे ने त्योहार के मौके पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजाम किया है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे (WCR) ने रक्षा बंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग लिस्ट के कारण पांच प्रमुख रूटों पर कुल 47 स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाने का फैसला किया है। इन स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत 22 अगस्त से हो गई है। 31 अगस्त तक इन ट्रेनों को संचालित किया जाएगा। रेलवे ने अलग-अलग रूट पर यात्रियों की मांग के अनुसार ट्रेनों की संख्या और फेरे तय किए हैं।

इन पांच रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

वेस्ट सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी मधुर वर्मा के अनुसार, रक्षाबंधन के मौके पर हर साल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इस बार भी कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट बढ़ने लगी है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इन 47 स्पेशल ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के संचालन के लिए इन पांच रूटों को चुना है:

  • रीवा-भोपाल
  • जबलपुर-दिल्ली
  • कोटा-निजामुद्दीन
  • सोगरिया-मथुरा
  • सोगरिया-जबलपुर

70 हजार से 1 लाख यात्रियों को मिलेगा फायदा

रेलवे के अनुसार, एक स्पेशल ट्रेन में करीब 1,500 से 2,000 यात्री सफर कर सकते हैं। इस हिसाब से इन अतिरिक्त सेवाओं के जरिए करीब 70 हजार से 1 लाख यात्रियों को त्योहार के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे का कहना है कि इन ट्रेनों का मकसद त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ी यात्री मांग को पूरा करना और लोगों को आसानी से अपने घर पहुंचने का विकल्प उपलब्ध कराना है।

22 से 31 अगस्त तक चलेगा स्पेशल ट्रेनों का सिलसिला

रेलवे के अनुसार, स्पेशल ट्रेनों का संचालन 22 अगस्त से शुरू हुआ है। अलग-अलग रूट पर इनका संचालन अलग-अलग फ्रीक्वेंसी के साथ किया जाएगा और अंतिम सेवा 31 अगस्त को निर्धारित है। रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों से अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में रेलवे की अतिरिक्त सेवाओं से नियमित ट्रेनों में बढ़ रही भीड़ और वेटिंग लिस्ट को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को भी सफर करने में राहत मिलेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article