शहर

Maharashtra News: हिंगोली में पटाखों के गोदाम में लगी भीषण आग, धमाकों के बीच 2 लोगों की मौत और 7 घायल, दमकल की गाड़ी भी जली

Hingoli News: महाराष्ट्र के हिंगोली में सोमवार रात पटाखों के गोदाम में भीषण आग लगने के बाद लगातार धमाके हुए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घनी आबादी वाले मारवाड़ी गली में हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Image

हिंगोली में आग का तांडव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Hingoli News: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में सोमवार रात पटाखों के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग के दौरान गोदाम में रखे पटाखों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे आसपास के रिहायशी इलाके में दहशत फैल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी एक अधिकारी ने दी है।

आग ने लिया विकराल रूप

अधिकारी के अनुसार, आग रात करीब आठ बजे हिंगोली शहर के पुराने और घनी आबादी वाले इलाके मारवाड़ी गली में लगी। गोपाल बस्तवार के स्वामित्व वाले गोदाम में आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं। पटाखों के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और बीच-बीच में जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई देती रही।

दमकल गाड़ी भी आई चपेट में

आग बुझाने के लिए नगर निकाय की दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर थी कि दमकल की एक गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई। संकरी गलियों और आसपास बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण राहत एवं बचाव दल को आग पर काबू पाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दो लोगों की झुलसकर मौत

आग की लपटों और धमाकों से आसपास के कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा गली में खड़े कई दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके चलते अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए कोशिश जारी

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने प्रभावित इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। अधिकारी के मुताबिक, आग बुझाने का अभियान पूरा होने के बाद घटनास्थल की जांच की जाएगी और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article