शहर

Greater Noida West News: गौर सिटी के 5th एवेन्यू में फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचा परिवार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मशहूर गौर सिटी-1 सोसाइटी के अंदर 5th एवेन्यू में फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरने से परिवार बाल-बाल बचा। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

गौर सिटी के 5th एवेन्यू में बेड पर गिरा छत का प्लास्टर

Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटियों में भवन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में यहां की अरिहंत अंबर सोसाइटी में हुए हादसे के बाद अब गौर सिटी-1 की फिफ्थ एवेन्यू में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर अचानक गिरने की घटना सामने आई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार एक बड़े हादसे से बाल-बाल बचा।

खबरों के मुताबिक, Gaur City-1 की 5th एवेन्यू स्थित एच टावर के फ्लैट नंबर 1265 में कल यानी मंगलवार 9 जून को कमरे की छत का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। प्लास्टर का मलबा सीधे बेड पर आ गिरा, जिससे कमरे में रखा टेबल लैंप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय परिवार के बुजुर्ग सदस्य कमरे में ही मौजूद थे। गनीमत रही कि प्लास्टर उनके ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा गंभीर चोट लग सकती थी।

फ्लैट निवासी मयंक ने घटना की जानकारी तुरंत सोसाइटी मैनेजमेंट और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) को दी। उन्होंने बताया कि इसी स्थान पर करीब डेढ़ साल पहले भी प्लास्टर गिरा था। उस समय हुए हादसे में बच्चों को चोटें आई थीं। इसके बाद मरम्मत कार्य कराया गया, लेकिन अब दोबारा उसी जगह प्लास्टर गिरने से मरम्मत की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना के बाद सोसाइटी के अन्य निवासियों में भी दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते भवनों की गुणवत्ता और रखरखाव की जांच नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। निवासियों ने एओए और मैनेजमेंट से स्थायी तथा गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञात हो कि पिछले शनिवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक अन्य सोसाइटी में प्लास्टर गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज इमारतों की निर्माण गुणवत्ता, रखरखाव व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। अब निवासी प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article