शहर

Kullu Cloudburst: अचानक फटा बादल, आसमान से आया पानी का सैलाब; समा गए 25 वाहन; हिमाचल में बारिश से तबाही

Kullu Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और रामपुर में बादल फटने की घटना से भारी तबाही हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 25 गाड़ियां पानी में बह गईं, लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के नौ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें संभावित बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी दी गई है।

Image

हिमाचल में फटा बादल

Kullu Cloudburst: कुल्लू जिले में शनिवार शाम भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से सड़क किनारे खड़े लगभग 20 से 25 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। निरमंड के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मनमोहन सिंह ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारी बारिश के कारण सूखे शरशया नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे निरमंड के जगत खाना के निकट लगभग 20-25 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बाढ़ और मलबे में बहते वाहनों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। भारी बारिश से सतलुज नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।

यहां फटा बादल

कुल्लू और रामपुर के पास जमातखाना, निरमंड और अनी इलाकों में बादल फटने की घटना हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 25 गाड़ियां पानी में बह गईं, लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शिमला और कुल्लू जिलों की सीमा पर जमातखाना नाला में बादल फटने की घटना हुई। पांच गाड़ियां बहकर सतलुज नदी के किनारे पहुंच गईं, जबकि पांच से छह गाड़ियां मलबे में दब गई हैं। भारी बारिश के कारण जमातखाना नाला का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे भारी नुकसान हुआ। ओलावृष्टि के कारण रामपुर में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

आंधी-तूफान का अलर्ट

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि यह घटना बादल फटने के कारण हुई, जबकि प्रशासन ने इसके लिए भारी बारिश को जिम्मेदार ठहराया। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 व 28 मई को सभी 12 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि 25 और 26 मई को सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने नौ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें संभावित बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन शामिल हैं। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article