शहर

Telangana News: तेलंगाना के रिम्स अस्पताल में AC विस्फोट के बाद लगी आग, दो नवजात शिशुओं की मौत

तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित रिम्स के एसएनसीयू में सोमवार देर रात एसी यूनिट में विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में दो नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है।

Image

तेलंगाना के रिम्स अस्पताल में आग (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Telangana RIMS Hospital Fire: तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में अचानक आग लग गई। इस हादसे में दो शिशुओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात एसी यूनिट में विस्फोट के बाद आग लग गई। सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर दुख जताया है।

हादसे के बाद 25 शिशुओं को दूसरे अस्पताल किया शिफ्ट

एसएनसीयू में उपचार करा रहे 27 शिशुओं में से समय से पूर्व जन्मे एक बच्चे की शुरुआत में ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की मंगलवार तड़के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, 25 शिशुओं को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से दो शिशुओं की हालत गंभीर है और सभी नवजातों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण समेत घटना का सटीक विवरण जांच के बाद ही सामने आएगा।

तेलंगाना के सीएम ने हादसे पर जताया दुख

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि किसी खराबी के कारण एयर कंडीशनर में विस्फोट होने की आशंका है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य सरकार द्वारा संचालित रिम्स में हुई इस घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को उपचार करा रहे शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article