शहर

हिमाचल कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज, मंत्री जगत सिंह नेगी बोले- 'जयचंदों' और BJP के 'स्लीपर सेल' को बांटे जा रहे पद

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के आदिवासी विभाग के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपनी ही पार्टी और संगठन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर 'जयचंदों' और भाजपा के 'स्लीपर सेल' को पदों से नवाजा जा रहा है।

Image

अपनी ही पार्टी पर बरसे जगत सिंह नेगी

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर सुलग रही अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर खुलकर सामने आ गई है। शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपनी ही सरकार और पार्टी संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पार्टी के संगठन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर 'जयचंदों' और भाजपा के 'स्लीपर सेल' के रूप में काम करने वालों को पदों से नवाजा जा रहा है।

मंत्री ने यह बात राजीव भवन में आयोजित हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदिवासी/अनुसूचित जनजाति विभाग के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कही। कार्यक्रम में लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने विभाग की नई प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभाला। इस दौरान मंच पर आदिवासी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया और प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे।

संगठन में गुटबाजी और भितरघात का लगाया आरोप

कार्यक्रम के दौरान जगत सिंह नेगी ने अनुराधा राणा को नई जिम्मेदारी संभालने के लिए बधाई दी। जिसके बाद उन्होंने पार्टी के भीतर गुटबाजी, अनुशासनहीनता और कथित भितरघात का मुद्दा उठाया। मंत्री ने संगठन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस एक तरफ बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा का मुकाबला करने का दावा करती है, लेकिन संगठन के भीतर ऐसे लोगों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, जिनकी निष्ठा पर सवाल हैं। नेगी ने ऐसे लोगों के लिए ‘जयचंद’, ‘भगोड़े’ और ‘बीजेपी के स्लीपर सेल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि अवसरवादी लोगों को संगठन में पद दिए जा रहे हैं।

नियुक्तियों को लेकर पहले भी उठा चुके हैं सवाल

गौरतलब है कि राजस्व मंत्री ने हाल ही में प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर हुई कुछ नियुक्तियों पर भी नाराजगी जताई थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दशकों से लाठियां खाकर और झंडा उठाकर पार्टी को सींचने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह दरकिनार किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, जो लोग विपक्ष के खिलाफ कभी एक शब्द नहीं बोलते और भाजपा के 'स्लीपर सेल' की तरह काम करते हैं, उन्हें पदों का इनाम दिया जा रहा है।

दिल्ली में आलाकमान के सामने रिपोर्ट रखने का दावा

जगत सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि अगर इसी तरह पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती रही, तो भविष्य में संगठन के लिए जमीन पर संघर्ष करने वाला कोई नहीं बचेगा और पार्टी केवल कागजी नेताओं का ढांचा बनकर रह जाएगी। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को दबने नहीं देंगे। उन्होंने दावा किया कि वह जल्द ही सबूतों और दस्तावेजों के साथ कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व (हाईकमान) से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि हर एक विधानसभा क्षेत्र की रिपोर्ट और इन 'स्लीपर सेल' की सूची आलाकमान के सामने रखी जाएगी। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जब तक संगठन के भीतर छिपे विभीषणों और गद्दारों का सफाया नहीं किया जाता, तब तक भाजपा-आरएसएस से मुकाबला करने की बात करना सिर्फ एक दिखावा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article