शहर

उत्तराखंड में मौसम का प्रहार; केदारनाथ-बदरीनाथ में भारी हिमपात, मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई प्रमुख धामों और पहाड़ी जिलों में हिमपात का सिलसिला जारी रहने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया है।

Image

उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में भारी हिमपात का दृश्य (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को जोरदार बर्फबारी देखने को मिली, जिसमें बदरीनाथ और केदारनाथ सहित कई प्रमुख स्थान शामिल रहे। वहीं, निचले और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि मार्च महीने में हुई यह बर्फबारी हाल के सालों की सबसे अधिक बर्फबारी में से एक रही। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से मिली जानकारी के अनुसार बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और औली जैसे कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ।

यहां है हिमपात का सिलसिला जारी

रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार शुक्रवार शाम तक केदारनाथ धाम में करीब चार फुट तक बर्फ जमा हो चुकी थी और हिमपात का सिलसिला जारी है। वहीं चमोली जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि ऊंचाई वाले लगभग सभी क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परत जम गई है तथा देर शाम तक बदरीनाथ में करीब दो फुट बर्फबारी दर्ज की गई। दूसरी ओर मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में बृहस्पतिवार शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को पूरे दिन जारी रही, जिससे मौसम में ठंडक काफी बढ़ गई। लगातार हो रही बारिश के चलते दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

कुछ ऐसा रहा उत्तराखंड के इन इलाकों का तापमान

देहरादून स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 11 डिग्री कम दर्ज किया गया। यह तापमान बृहस्पतिवार के मुकाबले लगभग 10 डिग्री घटकर 17.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अन्य स्थानों की बात करें तो पंतनगर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री, टिहरी में 8.4 डिग्री और मुक्तेश्वर में 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ये आंकड़े बृहस्पतिवार की तुलना में क्रमशः 4.6 डिग्री, 7.6 डिग्री और 8.5 डिग्री कम रहे। मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि शुक्रवार को उत्तराखंड के सभी जिलों के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। साथ ही 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी आशंका व्यक्त की गई थी।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने खराब मौसम की आशंका को देखते हुए देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसी के मद्देनजर इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कम प्रभाव को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार सुबह से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है, हालांकि हल्की बारिश का दौर खासकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में 26 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article