Zeenat Aman Latest Post: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने आंदोलन और अनशन को लेकर सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। इसी आंदोलन में सोनम वांगचुक भी शामिल हैं और अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे हुए हैं। बॉलीवुड के तमाम स्टार्स सोनम वांगचुक को सपोर्ट कर रहे हैं। इस बीच जीनत अमान (Zeenat Aman) का एक पोस्ट सामने आया है, जो कि इंटरनेट वर्ल्ड में धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में जीनत अमान ने सोनम वांगचुक के लिए बड़ी बात कह दी है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-'कपड़े और ज्यादा बोल्ड...' Zeenat Aman ने 70s के मेकर्स का दिखाया असली चेहरा)

सोनम वांगचुक के सपोर्ट में उतरीं जीनत अमान (pic credit-instagram)
जीनत अमान ने कही ये बात
दिग्गज एक्ट्रेस जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को अपडेट करते हुए सोनम वांगचुक की एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ ही जीनत ने लिखा, 'मैंने एक खबर में पढ़ा कि सोनम वांगचुक की मांसपेशियां कमजोर होने लगी हैं और उन्हें बहुत ज्यादा दर्द हो रहा है। जब उनसे अनशन खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया था, 'मुझसे मत कहिए कि मैं अपना अनशन खत्म करूं। सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं कर रही। सोनम वांगचुक की इस इच्छा का सम्मान करते हुए मैं भारत सरकार से आग्रह करती हूं कि इस मुद्दे पर बातचीत शुरू की जाए। यह मामला पूरे देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है। हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए, जो अपने सबसे प्रतिभाशाली लोगों में से एक को चुपचाप संघर्ष करते और अपनी जान जोखिम में डालते हुए देखता रहे। भारत में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की एक लंबी परंपरा रही है। इसलिए सत्ता में बैठे लोगों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे आंदोलनों का जवाब भी शांतिपूर्ण बातचीत के जरिए दें। सभी लोगों के प्रति मेरा सम्मान और मेरी ओर से ढेरों शुभकामनाएं।'
कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत
अनशन के दौरान सोनम वांगचुक का वजन 8.5 किलोग्राम तक कम हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका ब्लड प्रेशर नॉर्मल लेवल से नीचे चला गया है और ब्लड ग्लूकोज का स्तर भी कम होकर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया है। उनकी गिरती हुई सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चिंता जताई जा रही है।
