शहर

PK के पास 96 और पत्नी की 112 करोड़ की संपत्ति, जानें एक साल में कितना इनकम टैक्स चुकाया

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नॉमिनेशन फाइल किया। चुनावी हलफनामे में उनकी, पत्नी और परिवार की चल-अचल संपत्तियों, नकदी, बैंक बैलेंस, निवेश, इनकम टैक्स सहित पूरा ब्यौरा दिया गया है। चलिए जानते हैं PK के पास कितनी संपत्ति है -

Image

प्रशांत किशोर के पास कुल कितनी संपत्ति है?

प्रशांत किशोर (PK) को एक राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में पूरे देश में पहचान मिली है। उन्होंने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस सहित तमाम राजनीतिक दलों के लिए चुनावी रणनीतियां बनाई हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले उन्होंने जन सुराज नाम से अपना एक राजनीतिक दल बनाया। हालांकि, बिहार चुनाव में उनकी पार्टी कोई बड़ा कारनामा नहीं कर पाई, लेकिन अब वह यहां की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से (Bankipur By polls) उपचुनाव में स्वय उतर गए हैं। प्रशांत किशोर ने कल यानी सोमवार 13 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नॉमिनेशन फाइल किया। यहां 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। यहां उनका मुकाबला बिहार में सत्तारूढ़ NDA में भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा से है। नामांकन के दौरान प्रशांत किशोर ने अपना जो एफिडेविट दिया है, उसके अनुसार उनके पास कुल 22 करोड़, 19 लाख, 74 हजार से ज्यादा की चल संपत्ति (Movable Asset) और 73 करोड़, 87 लाख रुपये की अचल संपत्ति (Immovable Assets) है। चलिए जानते हैं प्रशांत किशोर ने अपने एफिडेविट में और क्या-क्या बताया है -

परिवार में सबसे अधिक संपत्ति पत्नी के नाम

टाइम्स नाउ नवभारत के पास मौजूद प्रशांत किशोर के आधिकारिक चुनावी हलफनामे की कॉपी के अनुसार PK की कुल चल और अचल संपत्ति लगभग 96.06 करोड़ रुपये है। जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी दास की कुल संपत्ति उसे भी ज्यादा है। पेशे से MBBS डॉक्टर जाह्नवी दास अपोलो इंद्रप्रस्थ अस्पताल, नई दिल्ली में वरिष्ठ सलाहकार के रूप में काम करती हैं। उनकी आय के स्रोतों में कंसल्टेंसी इंकम, किराये से आय और बैंक जमा पर ब्याज व डिविडेंड भी शामिल हैं। इस तरह जाह्नवी दास की कुल संपत्ति 111.93 करोड़ रुपये है, जिसमें से 99 करोड़, 51 लाख, 67 हजार से ज्यादा चल और 12 करोड़, 42 लाख रुपये अनुमानित बाजार मूल्य की अचल संपत्ति है। यही नहीं प्रशांत किशोर के बेटे के नाम पर भी 7.19 लाख रुपये की चल संपत्ति है।

नकदी और बैंक खातों में कितनी रकम प्रशांत किशोर के पास?

प्रशांत किशोर के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 65,570 रुपये नकद हैं। जबकि उनकी पत्नी के पास 1.95 लाख रुपये नकद हैं। बैंक खातों में प्रशांत किशोर के नाम करीब 24,844 रुपये जमा हैं, जबकि उनकी पत्नी के बैंक खाते में करीब 20.19 लाख रुपये जमा हैं। हलफनामे में उनके पुत्र के नाम पर कोई अलग बैंक डिटेल नहीं दी गई है। प्रशांत किशोर के पास स्वयं 7 करोड़, 36 लाख से ज्यादा की बैंक FD हैं। जबकि उनकी पत्नी के नाम 67 लाख रुपये की और बेटे ने नाम कुल 6 लाख की FD हैं।

प्रशांत किशोर के शेयर, म्यूचुअल फंड और इंवेस्टमेंट

PK ने लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में इंवेस्टमेंट की घोषणा भी की है। इनमें भारती एयरटेल के शेयरों सहित कुल शेयर इंवेस्टमेंट का बाजार मूल्य लगभग 63.45 लाख रुपये बताया गया है। इसके अलावा उनके पास इंडियन ओवरसीज म्यूचुअल फंड सहित कई म्यूचुअल फंड योजनाओं में इंवेस्टमेंट है। दूसरी ओर, उनकी पत्नी के नाम पर इंवेस्टमेंट का दायरा और भी ज्यादा बड़ा है।

PK income

साल-दर-साल किस तरह बढ़ी प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी की संपत्ति

इंश्योरेंस में 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश

हलफनामे के मुताबिक प्रशांत किशोर ने HDFC Life की दो बीमा पॉलिसियों में कुल करीब 5.35 करोड़ रुपये का इंवेस्टमेंट घोषित किया है। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस और अन्य वित्तीय साधनों में भी उनका निवेश है।

PK के पास किन-किन शहरों में मकान और जमीन

प्रशांत किशोर ने अपने हलफनामे में उत्तर प्रदेश और बिहार में कई आवासीय संपत्तियों का उल्लेख किया है। इनमें इंदिरापुरम (गाजियाबाद) में कई फ्लैट, नोएडा के जेपी ग्रीन्स में आवासीय संपत्ति, वसुंधरा में हिस्सेदारी वाला फ्लैट तथा बक्सर और रोहतास (बिहार) में पैतृक और अन्य आवासीय संपत्तियां शामिल हैं। PK ने कृषि भूमि के रूप में भी करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति घोषित की है। उनकी पत्नी के नाम पर भी कई अचल संपत्तियां दर्ज हैं। प्रशांत किशोर के नाम पर बिहार के ही रोहतास में 9.75 करोड़ रुपये मूल्य की एक पुरानी राइस मिल भी है।

प्रशांत किशोर की कमाई कहां से होती हैं?

हलफनामे में प्रशांत किशोर ने अपनी आय के प्रमुख स्रोत के रूप में प्रोफेशनल कंसल्टेंसी, इनवेस्टमेंट से होने वाली आय तथा अन्य वित्तीय स्रोतों का उल्लेख किया है। उनकी पत्नी की आय मुख्य रूप से निवेश, संपत्ति और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियों से दिखाई गई है। हलफनामे के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में PK की घोषित कुल आय लगभग 58.45 लाख रुपये थी। इससे पहले 2023-24 में उनकी आय करीब 8.89 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी। हलफनामे में इसका कारण जन सुराज पार्टी को दिए गए बड़े दान और वित्तीय पुनर्संरचना से जुड़ा बताया गया है।

PK ने साल-दर-साल कितना इनकम टैक्स चुकाया?

प्रशांत किशोर के चुनाव हलफनामे के अनुसार पिछले पांच वर्षों में सबसे ज्यादा इनकम टैक्स साल 2023-24 में चुकाया, जो 3 करोड़, 95 लाख रुपये से ज्यादा था।

वित्तीय वर्षप्रशांत किशोर (Tax Paid)पत्नी (Tax Paid)
2024-25₹17,91,652₹9,19,678
2023-24₹3,95,14,163₹9,97,811
2022-23₹12,34,481₹8,85,842
2021-22₹19,14,774₹3,67,792
2020-21₹57,177₹31,552

PK के खिलाफ कितने आपराधिक मामले?

हलफनामे में प्रशांत किशोर ने अपने खिलाफ दर्ज लंबित आपराधिक मामलों का उल्लेख किया है। इनमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले शामिल हैं और सभी मामलों की जानकारी संबंधित अदालतों के साथ हलफनामे में दी गई है।

प्रशांत किशोर के खिलाफ लंबित आपराधिक मामले

  • गांधी मैदान थाना (FIR 815/2024): BNS की धारा 191(2), 191(3), 190, 223, 131, 132, 324(4)
  • सचिवालय थाना (FIR 154/2025): BNS की धारा 191(2), 190, 132, 223
  • पीरबहोर थाना (FIR 12/2025): BNS की धारा 191(2), 190, 126(2), 115(2), 117(2), 132, 61(2)
  • गांधी मैदान थाना (FIR 05/2025): BNS की धारा 191(2), 191(3), 190, 223
  • सहरसा सदर थाना (FIR 226/2025): BNS की धारा 223(a), 3(5)
  • शिकायत मामले : पटना (C-6989/2025), बेतिया (C-1934/2025), और मुजफ्फरपुर (C-11/2025) में भी मामले दर्ज हैं, जिनमें मानहानि, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात जैसी धाराएं (जैसे 356(2), 318(4) आदि) शामिल हैं

हालांकि, सबसे अहम बात यह है कि हलफनामे में उन्होंने साफ तौर पर घोषित किया है कि उन्हें किसी भी आपराधिक मामले में अब तक दोषी (Convicted) नहीं ठहराया गया है। उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले अदालतों में विचाराधीन (Pending) हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article