शहर

UP Weather: यूपी में रूठा मानसून! कहीं भी तेज बारिश का अलर्ट नहीं, जानें कब लौटेगी झमाझम बरसात?

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14 July 2026: यूपी में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से गर्मी और उमस फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 16 जुलाई तक कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।

Image

यूपी में मानसून पड़ा सुस्त, बारिश पर लगा ब्रेक, बढ़ेगी उमस (सांकेतिक फोटो)

यूपी में आज का मौसम (14 July 2026): उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार थमने से भारी बारिश पर एक बार फिर ब्रेक लग गया है। मानसून के सीजन जिस कदर बारिश होनी चाहिए, वैसी देखने को नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जारी किया था कि इस बार अलनीनो के प्रभाव से बारिश में कमी होने की संभावना है। फिलहाल यूपी में सिर्फ तराई इलाकों में ही मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही है, शेष अन्य स्थानों पर कोई वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है। सोमवार को भी प्रदेश में बेहद कम बारिश दर्ज की गई। आइए जानते हैं कि आज क्या हाल रहने वाला है।

यूपी में 14 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने आज यूपी के किसी भी हिस्से में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया है। मंगलवार को कहीं भी तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। लेकिन कहीं-कहीं पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक यूपी में ऐसा ही मौसम देखने को मिलने वाला है। वहीं तापमान की बात करें तो अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। जिसके बाद 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 दिनों के बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने के आसार हैं।

यूपी में कब होगी तेज बारिश

यूपी में 16 जुलाई तक कहीं भी तेज बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। 17 से 19 जुलाई के बीच पूर्वी हिस्से में कई जगहों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पश्चिमी हिस्से में 18 और 19 जुलाई को झमाझम बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे पहले कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती हैं। बारिश की कमी के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही उमस और गर्मी भी अधिक महसूस होगी।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पूर्वी यूपी में 4.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 10.1 मिमी होनी चाहिए थी। वहीं पश्चिमी हिस्से में केवल 0.1 मिमी बारिश ही हुई। यहां बारिश का सामान्य आंकड़ा 7.2 मिमी है। बीते दिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण उमस और गर्मी का प्रभाव रहा। इस दौरान राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान यूपी के सबसे गर्म शहर हमीरपुर और मुरादाबाद रहे, यहां पर 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article