शहर

Delhi News: जहांगीरपुरी में दर्दनाक हादसा, छठी में पढ़ने वाली बच्ची को बस ने कुचला; मौके पर ही मौत

दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्कूल जा रही 12 साल की छात्रा की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस अब इस मामले में CCTV फुटेज और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Image

दिल्ली: 12 साल की स्टूडेंट की सड़क हादसे में मौत

Delhi News: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास रिक्शा से स्कूल जा रही छठी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची को बस ने कुचल दिया। इस हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। अब आदर्श नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह दर्दनाक घटना कल यानी सोमवार सुबह हुई। मुकंदपुर के रामा गार्डन की रहने वाली प्रियांशी नाम की 12 साल की बच्ची सुबह रिक्शा से अपने स्कूल जा रही थी। वह मॉडल टाउन स्थित नंबर-1 स्कूल में बढ़ती थी और रोज की तरह घर से तैयार होकर बैटरी रिक्शा में सवार होकर स्कूल जा रही थी।

सड़क पर गिरी बच्ची को स्कूल बस ने कुचला

सोमवार सुबह जैसे ही प्रियांशी की रिक्शा मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक बस ने रिक्शे को टक्कर मार दी। इस टक्कर से बैटरी रिक्शा असंतुलित हो गया और रिक्शे के किनारे पर बैठी प्रियांशी सड़क पर गिर गई। इसी समय पीछे से आ रही एक स्कूल बस उसके ऊपर से गुजर गई। इस हादसे में प्रियांशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। खबर मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

परिवार का बस ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि अगर स्कूल बस ड्राइवर ने समय पर बस रोक दी होती तो आज उनकी बेटी की जान बच जाती। परिवार का आरोप है कि स्कूल बस ड्राइवर की लापरवाही के चलते उनकी मासूम बच्ची की जान चली गई।

फिलहार पुलिस इस दुर्घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संबंधित बस ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article