Haridwar Ganga Water Level: हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार को गंगा का जलस्तर फिर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुँच गया है। अधिकारियों के अनुसार गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से 10 सेंटीमीटर अधिक बह रहा है और लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यदि जलस्तर और बढ़ा तो नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है, जिससे खेत, घर और निचले इलाकों में पानी भरने की संभावना है। राहत एवं बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण शर्मा ने बताया कि गंगा का बढ़ता जलस्तर मैदानी क्षेत्रों पर भी असर डाल सकता है।
हरिद्वार में जनजीवन प्रभावित
सिंचाई विभाग लगातार डाउनस्ट्रीम वाले जिलों के प्रशासन के संपर्क में है और उन्हें गंगा के जलस्तर की जानकारी दी जा रही है। भारी बारिश के कारण हरिद्वार में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई नदियां और नाले उफान पर हैं, और शहरी क्षेत्रों में दो से तीन फुट तक जलभराव होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। रुड़की के अलावलपुर गांव में सोलानी नदी के तेज बहाव के कारण शमशान घाट बह गया।
(इनपुट - भाषा)
