Uttarakhand News: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमवार को केदारनाथ के समीप एक वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। प्रदेश में मौसम के खतरे को देखते हुए हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा पांच सितंबर तक स्थगित कर दी गई है। मौसम विभाग ने अधिकांश जिलों में ‘रेड अलर्ट’ और ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसके कारण कई जिलों में मंगलवार को भी स्कूल बंद रखे गए हैं।
2 लोगों की दर्दनाक मौत
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, यह हादसा सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मुनकटिया के पास सुबह साढ़े सात बजे हुआ। वाहन पहाड़ी से गिरे मलबे और पत्थरों की चपेट में आ गया। घटना में उत्तरकाशी जिले के बड़कोट निवासी रीता (30) और चंद्र सिंह (68) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में नवीन सिंह रावत, प्रतिभा (25) और ममता (35) शामिल हैं।
चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा स्थगित
गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई मार्ग बाधित हैं। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पांच सितंबर तक स्थगित कर दी गई है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि प्रतिकूल मौसम में यात्रा न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्राओं को फिर से शुरू किया जाएगा।
भूस्खलन और मलबे से सड़कें बंद
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में आठ राष्ट्रीय और आठ राज्य राजमार्गों समेत कुल 314 सड़कें भूस्खलन और मलबा आने के कारण बंद हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, भारी बारिश से प्रदेश की सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। उत्तरकाशी जिले में यमुना और कमला नदी, देहरादून जिले में शालिनी नदी और टिहरी जिले में अगलार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का स्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया है, क्रमशः 626.35 मीटर और 625.05 मीटर पर बह रही हैं।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से नदियों के किनारे न जाने की चेतावनी दी है। इसी प्रकार, रुद्रप्रयाग में भी अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों के किनारों पर मुनादी की जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी सहित कई जिलों में स्कूल लगातार दूसरे दिन बंद रहेंगे।
(इनपुट - भाषा)
