Mumbai Rain: मुंबई में मंगलवार रात से जारी भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर लोकल ट्रेनों के आवागमन पर पड़ा है। ट्रैक पर पानी जमा होने की वजह से बुधवार सुबह ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कोपरखैरणे और तुर्भे स्टेशन के बीच पटरियों के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण दोनों दिशाओं की रेल सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गईं। भारी बारिश के चलते पटरियों के नीचे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस रूट पर यातायात पूर्णतः बंद कर दिया है। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
दादर की रेल पटरियों पर जमा हुआ पानी
मुंबई के बड़े रेलवे स्टेशन दादर की रेल पटरियों पर भी पानी जमा हो गया। मानसून की शुरुआत में मुंबई में रिकॉर्ड बारिश हुई है। बीएमसी के रिकॉर्ड के मुताबिक बीते 24 घंटे में मुंबई में 300 एमएम से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। मुंबई में 23 जून की सुबह 8.30 से 24 जून की सुबह 5.30 बजे तक इलाकों में दर्ज हुई बारिश-
- राम मंदिर-224 MM
- कोलाबा-218 MM
- सांताक्रूज-210.6 MM
- सायन-182.5 MM
- विक्रोली-181.7 MM
- विद्याविहार-180.7 MM
- चेंबुर-180.0 MM
- बायकुला-164.0 MM
- बांद्रा-161.5 MM
- जुहू एयरपोर्ट-150.5 MM
बीएमसी के दावों की खुली पोल
मानसून की इस पहली बड़ी बारिश ने BMC के तैयारियों की पोल खोल दी है। बीएमसी ने मानसून से पहले नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावे किये थे। मुंबई और आस पास के जिलों में तेज मूसलाधार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति कई इलाकों में देखने को मिल रही है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं।
शहर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई
मुंबई में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे सुबह के समय शहर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जबकि उपनगरों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, इसके मुख्यालय में 45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोलाबा पंपिंग स्टेशन और मांडवी दमकल केंद्र में 29-29 मिलीमीटर, फ्रॉसबरी जलाशय में 28 मिलीमीटर, सी वार्ड कार्यालय (गिरगांव) में 24 मिलीमीटर तथा बीएमसी संचालित एन. एम. जोशी मार्ग स्कूल और डी वार्ड कार्यालय (ग्रांट रोड) में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई। आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में औसतन 13.30 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इसी अवधि में पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 0.38 मिलीमीटर और 0.62 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
