शहर

महाराष्ट्र में अगले 48 घंटे होंगे बेहद भारी! गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश मचाएगी तबाही, 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में मानसून ने देर से एंट्री के बावजूद शुरुआती दिनों में ही तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। कोंकण से लेकर मराठवाड़ा और विदर्भ तक कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ मूसलाधार वर्षा की संभावना जताई गई है।

Image

महाराष्ट्र के 25 जिलों में अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Heavy Monsoon Alert: महाराष्ट्र में देरी से पहुंचा मानसून अब शुरुआती दिनों में ही जोरदार असर दिखाने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के 25 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और पूरे राज्य में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार 6 जून को मानसून ने दक्षिण कोंकण में दस्तक दी। इसके आगे बढ़ने के साथ ही महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के साथ-साथ गुजरात और पूर्वी राजस्थान के लिए भी भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार और बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों के दौरान कोंकण के रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा और पुणे समेत कुल 25 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से सोमवार, मंगलवार और बुधवार को गरज-चमक तथा तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे कुछ स्थानों पर नुकसान की भी आशंका जताई गई है। बारिश से जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, वहीं तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

धीरे-धीरे पूरे महाराष्ट्र में फैल रहा है मानसून

दक्षिण कोंकण में प्रवेश कर चुका मानसून धीरे-धीरे पूरे महाराष्ट्र में फैल रहा है। राज्य सरकार के अनुसार, 15 जून तक मानसून पूरे महाराष्ट्र को कवर कर सकता है। सरकार ने किसानों से जल्दबाजी में बुआई न करने की अपील भी की है। राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश के बाद किसानों ने खेती की तैयारियां तेज कर दी हैं और अब उनकी नजर मानसून की आगे की प्रगति पर टिकी हुई है। रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, धाराशिव, बीड, लातूर, परभणी, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गडचिरोली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम, यवतमाल और कोल्हापुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई और उपनगरों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। पड़ोसी ठाणे जिले में भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है। इससे मुंबईकरों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article