हरियाणा पुलिस ने ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के तहत प्रदेशभर के 830 चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर एक साथ छापेमारी और कॉम्बिंग की गई, इस दौरान 174 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इनमें 30 फरार एवं हिंसक अपराधी और 10 अवैध हथियार रखने वाले आरोपी शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान 60 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिससे संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
इस ऑपरेशन मेंराज्यभर में 30 खूंखार और हिंसक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गुरुग्राम पुलिस ने 12 हिंसक अपराधियों को दबोचा, जो किसी एक जिले द्वारा की गई सबसे बड़ी कार्रवाई है। गुरुग्राम में 65 स्थानों पर कॉम्बिंग के दौरान 6 मामले दर्ज कर 10 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, पुलिस ने 19 महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस इनपुट्स अन्य राज्यों के साथ साझा किए, जिससे अंतर-राज्यीय अपराध नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी।
जिलावार प्रदर्शन पर नजर डालें तो भिवानी पुलिस ने सबसे अधिक प्रभाव दिखाया। भिवानी में 72 स्थानों पर छापेमारी कर 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 7 मामले दर्ज किए गए। वहीं, फरीदाबाद पुलिस ने आर्थिक अपराधों पर बड़ी चोट करते हुए एक मामले में 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की। कैथल पुलिस ने चोरी के एक मामले में 2 लाख रुपये नकद बरामद कर 2 हिंसक अपराधियों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूरे राज्य में अभियान के दौरान कुल 14 लाख रुपये नकद अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए।
अभियान के तहत नशा तस्करों के नेटवर्क को भी करारा झटका दिया गया। पुलिस ने 6.18 किलोग्राम गांजा, 19.85 ग्राम व 192 ग्राम हेरोइन, 17.7 किलोग्राम अफीम की भूसी और 2 किलोग्राम चरस बरामद की। अकेले दादरी जिले से 5.7 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त 1005 देसी शराब की बोतलें और 320 लीटर लाहन भी जब्त की गई। यह कार्रवाई नशा-मुक्त हरियाणा की दिशा में जीरो-टॉलरेंस नीति का सशक्त उदाहरण है हथियारों की बरामदगी में 3 देसी कट्टे, 4 पिस्टल और 18 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
नूंह पुलिस ने ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के तहत एक जघन्य अपराध का सफल पटाक्षेप करते हुए डेढ़ महीने से फरार आरोपी जीजा को गिरफ्तार किया, जिसने अपनी नाबालिग साली के साथ दरिंदगी की थी। 31 अक्टूबर की रात को आरोपी ने पानी मांगने के बहाने पीड़िता को घर से बाहर बुलाकर बोलेरो गाड़ी में अगवा किया था। यह गिरफ्तारी न केवल कानून की जीत है, बल्कि यह स्पष्ट संदेश भी है कि अपराधी कितना ही शातिर क्यों न हो, कानून के हाथ उससे बच नहीं सकते। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों पर भी बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना बल्लभगढ़ ने ‘786 सीरीज’ के नोटों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर मुख्य आरोपी जुबेर को गिरफ्तार किया, जिसने 1.20 लाख रुपये की ठगी की थी। वहीं साइबर थाना NIT ने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य देवेंद्र कुमार को आगरा से गिरफ्तार किया, जिसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को किराए पर दे रखा था।
