शहर

राहुल गांधी का निजी सचिव बनकर कांग्रेस नेता को मिलाया फोन, ठग ने 10 लाख रुपये की लगाई चपत; जानें पूरा मामला

Haryana Fraud Case: खुद को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर एक व्यक्ति ने चंदा एकत्र करने की आड़ में हरियाणा के एक कांग्रेस नेता से कथित तौर पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

Image

राहुल गांधी का सचिव बनकर कांग्रेस नेता से की ठगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Haryana Fraud Case: खुद को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर एक व्यक्ति ने चंदा एकत्र करने की आड़ में हरियाणा के एक कांग्रेस नेता से कथित तौर पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

वॉट्सएप पर आया था फोन

कुरुक्षेत्र में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी सदस्य संजीव को 24 जनवरी को एक व्यक्ति का वॉट्सएप कॉल आया, जिसने खुद को राहुल गांधी का सचिव कनिष्क सिंह बताया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के नाम पर की ठगी

फोन करने वाले ने संजीव को बताया कि चंडीगढ़ में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है और इस कार्यक्रम के लिए आर्थिक मदद मांगी।

पुलिस के अनुसार, उस व्यक्ति ने भुखरी के रहने वाले संजीव से कहा कि पार्टी आलाकमान के कुछ सदस्य कार्यक्रम में शामिल होंगे और उन्हें होटल में ठहरने की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजाम करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

कांग्रेस नेताओं से मुलाकात का झांसा

पुलिस ने बताया कि संजीव को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात का भी वादा किया गया था। अनुरोध को असली मानकर, संजीव और पार्टी के एक अन्य नेता पवन शर्मा, दोनों ने 5-5 लाख रुपये का इंतजाम किया।

पुलिस के मुताबिक, उसी रात करीब 11 बजे, 'कनिष्क' ने उन्हें चंडीगढ़ के एक होटल भेजा, जहां पार्किंग में वे एक व्यक्ति से मिले जिसने अपना नाम दीपक बताया। कॉल करने वाले के कहने पर पीड़ित ने दीपक को पैसे दे दिए, लेकिन पैसे देने से पहले उन्होंने दीपक की एक फोटो भी खींच ली।

अगले दिन, कॉल करने वाले ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये और मांगे, और जब संजीव ने पैसे देने से मना कर दिया, तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में संजीव द्वारा पार्टी पदाधिकारियों से पूछताछ करने पर पता चला कि ऐसा कोई प्रशिक्षण कार्यक्रम तय नहीं किया गया था।

पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने कहा कि उन्होंने थानेसर सिटी पुलिस से धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने और जांच शुरू करने का निर्देश दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article