Ambala Accident: अंबाला के काली पलटन पुल के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 22 वर्षीय निकिता नामक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी, जो कथित रूप से नशे में था, ने अपनी कार से पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरी युवती के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी दी कि तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे उसमें सवार निकिता सड़क पर गिर गई। इसके बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोका और युवती के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
नशे की हालत में था कार ड्राइवर: प्रत्यक्षदर्शी
गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का कहना है कि गाड़ी चला रहा व्यक्ति पुलिस विभाग से जुड़ा है और नशे की हालत में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटना के बाद निकिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात अंबाला के नागरिक अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ई-रिक्शा ड्राइवर ने क्या बताया?
इस घटना पर जानकारी देते हुए ई-रिक्शा ड्राइवर ने बताया कि काली पलटन पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। टक्कर लगते ही निकिता रिक्शा से गिर गई और इसके बाद कार चालक ने उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
मृतका के परिजन ने क्या-क्या कहा?
मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
