Kaithal Police Parade Accused: हरियाणा के कैथल जिले में अपराधियों और सरेराह गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे सख्त और बड़ी नजीर पेश की है। शनिवार देर रात करनाल रोड पर एक टेंट संचालक और उसके साथी पर जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को कैथल पुलिस ने न केवल तत्परता से गिरफ्तार किया, बल्कि उनका सिर मुंडवाकर बीच बाजार सड़क पर पैदल परेड भी करवाई।
पुलिस की इस सिंघम स्टाइल और कड़े एक्शन को देखकर मौके पर मौजूद सैकड़ों लोगों की भीड़ ने 'कैथल पुलिस जिंदाबाद' और 'कैथल एसपी जिंदाबाद' के जोरदार नारे लगाए। स्थानीय जनता का कहना है कि IPS मनप्रीत सिंह सूदन के बतौर कैथल SP आने के बाद से जिले में उत्तर प्रदेश जैसा 'योगीराज' स्थापित हो गया है, जिससे अपराधियों में खौफ और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
मामूली कहासुनी के बाद बर्फ के सुए से किया था हमला
यह पूरा मामला शनिवार देर रात का है। करनाल रोड पर स्थित टेंट संचालक अनूप और उनका साथी सोहन लाल अपनी दुकान बंद करने के बाद गाड़ी में बैठकर जूस पी रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों से उनकी मामूली कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि 6 से 7 अज्ञात युवकों ने आव देखा न ताव और पास ही पड़े बर्फ तोड़ने वाले तीखे सुओं से अनूप और सोहन लाल पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया।
इस अचानक हुए हमले में अनूप, सोहन लाल समेत एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
सिर मुंडवाया, फिर बीच सड़क करवाई 'पैदल परेड'
वारदात की सूचना मिलते ही कैथल के पुलिस कप्तान (SP) मनप्रीत सिंह सूदन ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तुरंत विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य 4 आरोपियों को दबोच लिया।
अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म न हो और समाज में एक सख्त संदेश जाए, इसके लिए पुलिस चारों आरोपियों को उसी घटनास्थल (करनाल रोड) पर लेकर पहुंची। पुलिस ने चारों के सिर मुंडवाए और फिर सरेबाजार उन्हें पैदल घुमाया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
बीच बाजार अपराधियों की इस तरह परेड होते देख व्यापारियों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि अपराधियों को सबक सिखाने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई बहुत जरूरी थी। इस कदम से न केवल कैथल की कानून व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि सरेराह गुंडागर्दी करने वाले तत्वों के हौसले भी पस्त होंगे।
