शहर

शादी के अगले ही दिन खुला 'लुटेरी दुल्हन' का राज! जेवर-नकदी लेकर हुई रफूचक्कर, हापुड़ में मचा हड़कंप

हापुड़ में शादी के नाम पर ठगी और लुटेरी दुल्हन का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के अगले ही दिन नई नवेली दुल्हन जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

फिर आया लुटेरी दुल्हन का मामला (प्रतीकात्मक फोटो)

Hapur Looteri Dulhan: हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी और 'लुटेरी दुल्हन' का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम लिसड़ी (भगवतीपुर) निवासी विनोद कुमार के परिवार में शादी की खुशियां ज्यादा देर नहीं टिक सकीं। बताया जा रहा है कि शादी के अगले ही दिन नई नवेली दुल्हन घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर रात के अंधेरे में फरार हो गई।

14 अगस्त को हुई थी शादी

पीड़ित विनोद कुमार के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात हल्द्वानी निवासी पंडित राकेश शास्त्री से हुई थी। आरोप है कि पंडित ने गरीब परिवार की लड़की से शादी कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद 14 अगस्त को रामपुर स्थित एक शिव मंदिर में सीमा नाम की महिला के साथ विनोद की शादी कराई गई। शादी तय कराने के बदले में लड़की की मां को एक लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा विनोद ने पत्नी को सोने का मंगलसूत्र, चांदी का हार, पायल समेत अन्य आभूषण भी दिए।

नकदी और जेवरात लेकर दुल्हन फरार

शादी के बाद विनोद दुल्हन को अपने घर ले आया। परिवार में नई बहू के स्वागत और शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन यह खुशी महज एक दिन में ही चिंता में बदल गई। आरोप है कि 15 और 16 अगस्त की दरमियानी रात करीब दो बजे, जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, सीमा ने घर का ताला खोला और वहां रखी नकदी व जेवरात लेकर चुपचाप निकल गई। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक महिला काले सूट-सलवार और लाल चुनरी में रात के समय जाती हुई दिखाई दे रही है। परिवार को सुबह उठने पर दुल्हन और कीमती सामान दोनों गायब मिले।

आर्थिक नुकसान के साथ गहरा सदमा

परिजनों ने महिला की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद विनोद कुमार ने सिंभावली थाने पहुंचकर नामजद शिकायत दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी के लिए लंबे समय से जमा की गई रकम और कीमती सामान इस घटना में चला गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ गहरा सदमा भी लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और शादी कराने वाले कथित बिचौलिए समेत इस पूरे मामले से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

शादी तय करने से पहले रहें सावधान

दुल्हन के पीछे किसी संगठित गिरोह या नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। यह मामला एक बार फिर शादी के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को सामने लाता है। अनजान बिचौलियों के भरोसे जल्दबाजी में शादी तय करने के बजाय परिवार और संबंधित व्यक्ति की पहचान, पते तथा अन्य जरूरी जानकारी की अच्छी तरह पड़ताल करना बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि यह 'लुटेरी दुल्हन' अकेले इस वारदात में शामिल थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article