दिल्ली-एनसीआर आज दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। कुछ देर रुकने के बाद शाम होते ही एक बार फिर से जोरदार बारिश शुरू हो गई और फिर देखते ही देखते ओले गिरने लगे। ओले गिरने से दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले हफ्ते तापमान में बढ़ोतरी होने के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और अब एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। आज हुई ओलावृष्टि से इस ठिठुरन में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आज यानी मंगलवार 27 जनवरी को दिनभर बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश हुई और तेज हवाएं भी चलीं। साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 1 बजे के बाद अगले तीन घंटों के दौरान ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी थी। दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में शाम 4 बजे से ओले गिरने शुरू हो गए। दिल्ली से सटे नोएडा में भी शाम 5 बजे के करीब ओले गिरने की खबर है।
IMD ने बताया कि मंगलवार सुबह 11.10 बजे उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, बाहरी उत्तरी दिल्ली और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह के समय दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच यानी इन तीन घंटों के दौरान पालम में 3.4 मिलीमीटर (मिमी), रिज में 3.0 मिमी और पीतमपुरा में 2.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार जनकपुरी में 1.5 मिमी, मयूर विहार में 1.0 मिमी और आयानगर में 0.1 मिमी बारिश हुई, जबकि सफदरजंग और लोधी रोड में केवल बूंदाबांदी ही दर्ज की गई। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया था, जबकि उत्तरी और दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
IMD के अनुसार, 'रेड अलर्ट' का मतलब है कि गंभीर मौसम की आशंका के कारण अधिकारियों और निवासियों को कार्रवाई करने की आवश्यकता है, जबकि 'ऑरेंज अलर्ट' लोगों को प्रतिकूल परिस्थितियों की संभावना के कारण तैयार और सतर्क रहने की सलाह देता है। मौसम कार्यालय ने दोपहर करीब 1 बजे कहा था कि अगले दो से तीन घंटों के दौरान दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में खराब मौसम रहने की संभावना है।
IMD ने कहा कि अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है साथ ही कुछ स्थानों पर बादलों की गरज, बिजली की चमक के साथ ओलावृष्टि तथा भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं चलेंगी। नरेला, बवाना, अलीपुर, कंझावाला, रोहिणी, मुंडका और जाफरपुर सहित कुछ स्थानों पर गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन के समय अधिकतम तापमान के गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे पहले 23 जनवरी को इतनी भारी बारिश हुई जो पिछले दो सालों में जनवरी की सबसे ज्यादा बारिश रही। इसके कारण तापमान में भारी गिरावट आई और प्रदूषण के उच्च स्तर से कुछ समय के लिए राहत मिली। हालांकि, कुछ दिन तक हवा के साफ रहने के बाद आज मंगलवार को प्रदूषण फिर बढ़ गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 23 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब', 13 पर 'खराब' और तीन केंद्रों पर 'मध्यम' श्रेणी में रही।
इनपुट - पीटीआई
