मेट्रो ने दिल्ली-एनसीआर को जबरदस्त कनेक्टिविटी दी है और अब नमो भारत भी वही काम कर रहा है। खासतौर पर दिल्ली और मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत से दोनों शहरों के बीच की दूरियां सिमट गई हैं। इस रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम को तैयार ही इस तरह से किया गया है। मेरठ में तो मेरठ मेट्रो और नमो भारत दोनों एक ही ट्रैक पर चलती हैं। अब NCR के दो और शहरों में मेट्रो ट्रेन और नमो भारत एक ही ट्रैक पर चलाने की तैयारी है।
एनसीआर में कनेक्टिविटी को मजबूती देने के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। इस प्रस्तावित कॉरिडोर पर कुल 18 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा पहले से ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
इस मेट्रो परियोजना की खास बात यह है कि यहां मेट्रो ट्रेनें, नमो भारत (RRTS) के ट्रैक पर चलेंगी। दोनों को एक ही ट्रैक पर चलाने से नया ट्रैक बनाने की जरूरत खत्म हो जाएगी। इससे समय और लागत दोनों की बचत होगी। नमो भारत नेटवर्क तेज रफ्तार और इंटरसिटी यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है, जिसका लाभ इस मेट्रो प्रोजेक्ट को भी मिलेगा।
गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके शुरू होने से हर रोज दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी और उनकी यात्रा आरामदायक हो जाएगी। गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो लाइन प्रमुख रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों को जोड़ेगी, जिससे रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर, यह परियोजना हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को एक नए दौर में लेकर जाएगी।
गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो के बन जाने से हर रोज काम के सिलसिले में फरीदाबाद से गुरुग्राम और गुरुग्राम से फरीदाबाद जानने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। यह प्रोजेक्ट उनकी दैनिक यात्रा को आसान और ज्यादा सुरक्षित बनाएगा। दोनों शहरों के बीच बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी होने से सड़क पर कारें कम आएंगे और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। इससे पूरे एनसीआर क्षेत्र में यात्रा का अनुभव बेहतर होगा।
बता दें कि गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो प्रोजेक्ट अभी प्लानिंग स्टेज पर ही है। माना जा रहा है कि जल्द ही इसके निर्माण से जुड़ी तारीखों की घोषणा हो जाएगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने से यह NCR के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में एक अहम कड़ी बन जाएगा।
बता दें कि दुनिया के टॉप 10 में सबसे सस्ती मेट्रो सेवा दिल्ली मेट्रो ही है। दिल्ली मेट्रो से दिल्ली ही नहीं गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, गुरुग्राम जैसे शहर जुड़े हुए हैं और अब इसे सोनीपत जिले में कुंडली तक भी जोड़ने की योजना है। दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क देश में सबसे बड़ा है और आज DMRC देश के अन्य शहरों में भी मेट्रो संचालन में मदद कर रही है।
