Gurugram Work From Home advisory: गुरुग्राम में लगातार बारिश होने की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। आज भी मौसम विभाग ने शहर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके चलते प्रशासन ने आज कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की अनुमति देने की सलाह दी है। जिससे ट्रैफिक जाम और अन्य समस्याओं से बचा जा सके। प्रशासन ने यह कदम कर्मचारियों की सुरक्षा और शहर में सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है। गुरुग्राम में पिछले 12 घंटों में 133 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गुरुग्राम की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि 9 जुलाई शाम 7 बजे से 10 जुलाई सुबह 7 बजे तक शहर में 133 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। जिसमें से सिर्फ डेढ़ घंटे बेहद तीव्र बारिश दर्ज हुई। शाम 7:30 से रात 9:00 बजे के बीच 103 मिमी बारिश हुई। आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों को आज यानी 10 जुलाई को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी है। जिससे ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
कई इलाके बारिश के पानी से जलमग्न
गुरुग्राम में बुधवार शाम से जोरदार बारिश शुरू हुई और रात भर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। जिस कारण दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे के नरसिंहपुर खंड और बसई एवं गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के आसपास के इलाके पानी से भर गए। राजीव चौक के पास पार्किंग स्थल के सामने रोड, शीतला माता मार्ग, सदर बाजार , बस अड्डा मार्ग और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। जलभराव के कारण लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा।
