गुरुग्राम

राजीव चौक स्टेशन के ऊपर बनेगा बस अड्डा, जानें पूरा प्लान

दिल्ली-एनसीआर के इलाकों को आपस में जोड़ने के लिए नमो भारत ट्रेन का विस्तार हर तरफ किया जा रहा है। दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत का संचालन शुरू हो चुका है और अब दिल्ली से रेवाड़ी के बीच नमो भारत ट्रेन चलाने की तैयारी चल रही है। इसी रूट पर राजीव चौक स्टेशन के ऊपर बस अड्डा बनाया जाएगा।

Image

गुरुग्राम में राजीव चौक नमो भारत स्टेशन के ऊपर बनेगा बस अड्डा

Photo : Twitter

दिल्ली एनसीआर में यातायात के तीन ही प्रमुख और तेज साधन हैं। जिनमें मेट्रो, बस और अब नमो भारत ट्रेन प्रमुख हैं। विशेष तौर पर दिल्ली के आसपास के इलाकों को जोड़ने में मेट्रो और नमो भारत की भूमिका अहम है। अभी तो नमो भारत ट्रेन सिर्फ दिल्ली से मेरठ की ओर चल रही है। लेकिन जल्द ही ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम की तरफ भी इसका विस्तार होगा। इसी दौरान राजीव चौक पर नमो भारत का अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जाएगा और उसके ऊपर बस अड्डा भी बनेगा।

राजीव चौक पढ़कर कहीं आप दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस के बीच मौजूद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन तो नहीं सोच रहे। जी नहीं, हम बात कर रहे हैं गुरुग्राम के राजीव चौक की। जहां पर नमो भारत ट्रेन का अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जाना है। इसके लिए NCRTC ने जमीन का चुनाव भी कर लिया है। इस अंडरग्राउंड स्टेशन के ऊपर ही परिवहन विभाग पीपीपी मॉडल (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) आधा पर एक बस अड्डे का निर्माण करेगा।

अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए परिवहन विभाग से मंजूरी मिल चुकी है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद यहां पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। हरियाणा के मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आदेश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि नमो भारत ट्रेन के संचालन, स्टेशन बनाने, डिपो, स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट बनाने के लिए NCRTC को जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध करायी जाए। जिन विभागों को आदेश जारी किए गए हैं, उनके नाम हैं - HSVP, HSIIDC, गुरुग्राम-मानेसर नगर निगम और परिवहन विभाग। बता दें कि NCRTC ने नमो भारत स्टेशन के साथ ही एंट्री और एग्जिट गेट भी तय कर लिए हैं।

दिल्ली रेवाड़ी रूट पर नमो भारत के स्टेशन

  • सराय काले खां
  • जोरबाग
  • मुनीरका
  • एयरोसिटी
  • साइबर सिटी
  • इफको चौक
  • राजीव चौक
  • हीरो होंडा चौक
  • खेड़की दौला
  • मानेसर
  • पंचगांव
  • बिलासपुर
  • धारूहेड़ा
  • रेवाड़ी

यहां बनेगा स्टेशन

गुरुग्राम में लघु सचिवालय के सामने वकीलों की पार्किंग के साथ खाली जमीन पर नमो भारत का अंडरग्राउंड स्टेशन बनाया जाएगा। इस स्टेशन का एक एंट्री-एग्जिट गेट लघु सचिवालय के परिसर में भी खुलेगा, जबकि दूसरा गेट दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली से जयपुर की तरफ हंस एन्क्लेव कॉलोनी में मस्जिद के पास बनेगा।

दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार NCRTC ने हंस एन्क्लेव (सेक्टर 33) के पास एंट्री और एग्टिज गेट बनाने के लिए 3548 स्क्वायर मीटर जमीन की मांग की है। ज्ञात हो की परिवहन विभाग के पास राजीव चौक पर करीब 19 हजार, 403 स्क्वायर मीटर जमीन है। इसी जमीन पर नमो भारत का अंडरग्राउंट स्टेशन और ऊपर बस अड्डा बनाए जाने की तैयारी है। नमो भारत ट्रेन के लिए यहां धारूहेड़ा में एक डिपो भी तैयार किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article