Gurgaon Retired Teacher Strangled Madhu Sharma: गुरुग्राम के न्यू कॉलोनी इलाके में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। चोरी की नीयत से घर में घुसे एक 22 वर्षीय नशेड़ी युवक ने दिल्ली सरकार की 75 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका मधु शर्मा को ऐसे धक्का दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात की वजह महज 100 रुपये की मांग थी, जिसे शिक्षिका द्वारा देने से मना करने पर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सूरज गुप्ता (22) को प्रताप नगर के लक्ष्मी बाजार पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, चोरी करने व अपने ड्रग के लिए पैसों की उम्मीद में वह घर में गया और आमना सामना होने पर उसने बुजुर्ग महिला पर हाथ उठाया, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।
पड़ोसी की सतर्कता से खुला राज: चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग
घटना रविवार रात करीब 8:15 बजे की है:
संदेह और घुसपैठ: एक पड़ोसी ने सूरज गुप्ता को मधु शर्मा के जर्जर मकान के बाहर कुछ देर टहलते और आसपास नजर दौड़ाते देखा, जिसके बाद वह चुपके से घर के अंदर घुस गया।
चीख-पुकार और भागने की कोशिश: घर के भीतर से जब शिक्षिका की चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं, तो पड़ोसी ने तुरंत अपने पिता और अन्य निवासियों को सतर्क कर पुलिस को सूचना दी। जब 5-6 पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर पीछे लगे पेड़ों के झुंड में छुपकर भाग निकला।
दरवाजे पर पड़ा मिला शव: पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो मधु शर्मा कमरे के दरवाजे के पास अचेत और मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं।
₹100 नहीं दिए तो कर दिया हमला, पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज गुप्ता मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले (गांव देवधा) का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के मदनपुरी में रहकर कंस्ट्रक्शन साइट्स पर सरिया/लोहे की बाइंडिंग का काम करता है।
₹100 की मांग पर विवाद: चोरी की नीयत से घुसे सूरज ने जब मधु शर्मा को देखा तो उसने उनसे ₹100 मांगे। शिक्षिका के इनकार करने पर उसने उन पर हमला कर दिया, उनके घूंसा मारा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट: फॉरेंसिक और सीन-ऑफ-क्राइम टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जाने के बाद दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में गर्दन पर दबाव के निशान और गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है।
अकेले रहती थीं मधु शर्मा, बैंक के काम से लौटी थीं गुरुग्राम
शिक्षिका मधु शर्मा के माता-पिता के निधन के बाद वे पिछले कई वर्षों से अपने पैतृक मकान में अकेली रह रही थीं। उनके पति का 2010 में ही निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। मकान की जर्जर हालत के कारण वे हाल ही में फरीदाबाद में अपने भतीजे साहिल के पास रह रही थीं और सिर्फ बैंक से जुड़े कुछ औपचारिक कागजी काम पूरा करने के लिए पिछले हफ्ते ही गुरुग्राम वापस आई थीं। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने पुलिस प्रवक्ता संदीप तुरान के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत FIR दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
