केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अजित पवार के निधन को महाराष्ट्र के लिए एक 'अपूरणीय क्षति' बताते हुए सोमवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिवंगत नेता की कार्यशैली भावी पीढ़ियों के नेताओं के लिए 'मार्गदर्शक' साबित होगी। शाह ने पुणे स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कहा कि पवार के महायुति गठबंधन में शामिल होने से राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को स्थिरता मिली थी।उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा भावी पीढ़ियों को पवार के कार्यों और योगदान से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उनकी कार्यशैली आने वाले समय के नेताओं के लिए 'मार्गदर्शक' बनेगी।
शाह ने कहा कि अजित पवार के निधन से जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी भरपाई कई दशकों तक नहीं की जा सकेगी। राकांपा नेता अजित पवार की इस वर्ष 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राकांपा की प्रमुख बनीं और महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद संभाला।
शाह ने महाराष्ट्र की तत्कालीन महा विकास आघाडी सरकार का नेतृत्व करने वाले उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री से कोई संवाद नहीं हो पा रहा था, जबकि अजित पवार राज्य सचिवालय में फोन पर उपलब्ध रहते थे। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सरकार का राहत कार्य लगातार जारी रहे।
'अजित पवार हमेशा अपनी बात स्पष्टता और बेबाकी से रखते थे'
शाह ने कहा, 'राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत के दौरान अजित पवार हमेशा अपनी बात स्पष्टता और बेबाकी से रखते थे।' गृह मंत्री ने कहा कि अजित पवार दूरदर्शी, स्पष्टवादी और साहसी नेता थे। वह हमेशा आम लोगों और जमीनी वास्तविकताओं से जुड़े रहे। उन्होंने पवार को सहकारिता क्षेत्र का ’ज्ञानकोश’ बताते हुए कहा कि उन्हें चीनी मिलों, दुग्ध संघों, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, सहकारी बैंकों और उनसे जुड़ी प्रशासनिक समस्याओं की गहरी समझ थी।
शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा में विभाजन हो गया था
अजित पवार जुलाई 2023 में राकांपा के कई नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में शामिल हो गए थे। इसके बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा में विभाजन हो गया था। शाह ने कहा कि अजित पवार ने पुणे जिले में पवार परिवार के राजनीतिक गढ़ और अपने निर्वाचन क्षेत्र बारामती के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शाह से विमान हादसे की जांच में तेजी लाने और उसकी अंतिम रिपोर्ट जल्द जारी करने का आग्रह किया जिसमें अजित पवार की मृत्यु हो गई थी। इस दुर्घटना की जांच महाराष्ट्र अपराध अन्वेषण विभाग और नागर विमानन मंत्रालय के अधीन वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो अलग-अलग कर रहे हैं।
