Bareilly Police: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक बहुत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बहेड़ी क्षेत्र में एक खंडहर के अंदर चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे अंतरराष्ट्रीय और खतरनाक नेक्सेस का खुलासा किया।
खंडहर में चल रही थी अवैध शस्त्र फैक्ट्री
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले में संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीओ बहेड़ी के नेतृत्व में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और थाना बहेड़ी पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। 14 और 15 नवंबर की दरम्यानी रात मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बरेली-बहेड़ी रोड पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय के पास बने एक सुनसान खंडहर की घेराबंदी की। रात करीब 1:35 बजे पुलिस ने जब वहां छापा मारा, तो चार युवक अवैध हथियार बनाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था मुख्य आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
सुखराज सिंह (19 वर्ष) - निवासी ग्राम सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर, बहेड़ी (बरेली)
शानू मियां (29 वर्ष) - निवासी ग्राम पचपेड़ा, बहेड़ी (बरेली)
जीवनदीप सिंह (24 वर्ष) - निवासी बिलासपुर, रामपुर
जसनूर सिंह (30 वर्ष) - निवासी माधौटांडा, पीलीभीत
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और आरोपियों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में बेहद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मुख्य आरोपी सुखराज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हथियारों के वीडियो अपलोड करने वाले पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के सीधे संपर्क में था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप चैट के जरिए हथियारों की सप्लाई को लेकर डील हुई थी। हालांकि सुखराज ने कई चैट डिलीट कर दी थीं, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए हैं।
फरार साथियों के तार कुख्यात तस्कर इशरत पहलवान से जुड़े
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मौके से फरार हुए दोनों आरोपी कुख्यात हथियार तस्कर इशरत पहलवान के संपर्क में हैं। इशरत पहले भी हथियारों की तस्करी के मामले में जेल की हवा खा चुका है और ये लोग उसी से असलाह खरीदते थे।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं:
-315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस
-एक अवैध 9 एमएम पिस्टल
-315 बोर की एक रायफल
-12 बोर की दो अधबनी नाल
-हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सिकंजा मशीन और अन्य उपकरण
-4 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
पुलिस ने थाना बहेड़ी में आयुध अधिनियम (Arms Act) की धारा 5/3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही, फरार आरोपियों की तलाश और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
