Greater Noida West Hit and Run: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के एक मूर्ति चौक की बताई जा रही है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटना में इस्तेमाल टाटा पंच कार को भी कब्जे में ले लिया है।
युवक उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 5 सितंबर की सुबह करीब 4:35 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर उसका सामान पड़ा रह गया। घटना के वीडियो में भी टक्कर की गंभीरता दिखाई दे रही है।
दोनों पैरों, हाथ, घुटनों और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर
हादसे में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि उसके दोनों पैरों, हाथ, घुटनों और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। दुर्घटना के बाद पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बिसरख थाना पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध संख्या 639/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125बी के तहत कार्रवाई की है।
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की टाटा पंच कार को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाना बिसरख में दाखिल करा दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
