Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क के किनारों पर बन रहे बस-वे का निर्माण कार्य अगले वर्ष जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। अब तक करीब 15 किलोमीटर हिस्से में बस-वे तैयार किया जा चुका है। परियोजना पूरी होने पर यह सड़क 12 लेन की हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या में काफी कमी आने की संभावना है।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, कुल लगभग 27 किलोमीटर लंबाई में बस-वे निर्माण कार्य जारी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मूर्ति चौक से रोजा गोलचक्कर, रोजा से मिलक गोलचक्कर और मिलक से सैनी गोलचक्कर तक तिलपता से नोएडा की दिशा वाली लेन पर काम चल रहा है। इसके अलावा, सुपरटेक जार सोसाइटी से डाढ़ा तक और प्राधिकरण कार्यालय के पास स्थित 105 मीटर सड़क वाले गोलचक्कर से सेक्टर पाई गोलचक्कर तक दोनों ओर बस-वे का निर्माण प्रगति पर है।
अतिरिक्त चौड़ाई जोड़ने का काम
वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में जरूरत वाले हिस्सों पर 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर 10.5 मीटर अतिरिक्त चौड़ाई जोड़ी जा रही है। यह कार्य जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, और संबंधित एजेंसियों को समय पर निर्माण समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। शेष हिस्से के विकास की योजना बाद में तैयार की जाएगी। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के अनुसार, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम चल रहा है। इसी के तहत 130 मीटर चौड़ी सड़क पर बस-वे निर्माण कार्य की गति तेज कर दी गई है।
ई-बस सेवाएं होंगी शुरू
नोएडा एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के सभी शहरों से ई-बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। गाजियाबाद और मेरठ से आने वाली बसें 130 मीटर चौड़ी सड़क का उपयोग करेंगी। एयरपोर्ट की ओर जाने वाली बसें बिना किसी अवरोध के चल सकें, इसके लिए प्रमुख मार्गों को चौड़ा किया जा रहा है और बस-वे का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, 130 मीटर चौड़ी सड़क को विस्तार देकर एयरपोर्ट को यमुना सिटी से जोड़ने की योजना पर भी काम जारी है।
