Gonda Medical College Viral Video: उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोंडा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑर्थो वार्ड में ऑक्सीजन पाइप पर बड़े-बड़े चूहों के घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ऑर्थो वार्ड में मरीजों के बेड के ऊपर लगी ऑक्सीजन पाइपलाइन पर चूहे बेखौफ होकर घूम रहे हैं। बेड पर एक मरीज लेटा हुआ भी है। ऐसे में चूहों की मौजूदगी न सिर्फ स्वच्छता पर सवाल उठाती है, बल्कि मरीजों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो साझा करते हुए लिखा गया कि यूपी के गोंडा मेडिकल कॉलेज में इंसानों के वार्ड में चूहों की मौज जारी है। पोस्ट में कहा गया कि मोटे-पतले और गोल-मटोल चूहे वार्ड में ऐसे घूम रहे हैं, जैसे यह अस्पताल इंसानों का नहीं बल्कि चूहों का हो। सोशल मीडिया यूजर्स भी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
तीमारदार ने बताई अस्पताल की असल हालत
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाया है कि जब मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों की यह हालत है तो आम सरकारी अस्पतालों की स्थिति क्या होगी। मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। एक तीमारदार ने टाइम्स नाउ से बातचीत में बताया कि चूहे वाला वीडियो बिल्कुल सही था। चूहे यहां आते हैं परेशान करते हैं। मरीजों के ऊपर चढ़ जाते हैं, किसी के कंबल में घुस जाते हैं, आवश्यक दवाइयां उठा ले जाते हैं। चूहे से सब परेशान है। हम ये चाहते हैं कि इनसे निजात मिले। उन्होंने यह भी बताया कि डॉक्टरों-नर्सों से इसके बारे में कहा भी जाता रहा है।
मेडिकल कॉलेज ने बैठाई जांच
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और मामले की जांच कराने की बात कही जा रही है। एक जांच कमेटी बनाकर 48 घंटों में रिपोर्ट आने की भी बात कही जा रही है। ये घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़ी करती नजर आ रही है।
