शहर

Ghaziabad: 9वीं मंजिल से एक साथ कूदीं तीन मासूम बहनें, मोबाइल फोन छीनने से थीं नाराज? जानें सुसाइड नोट में क्या मिला

गाजियाबाद से एक ऐसी खबर आई है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। यहां एक परिवार की तीन नाबालिग सगी बहनों ने बिल्डिंग से कूद कर जान दे दी है। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, पुलिस जिसकी जांच कर रही है।

Image

तीन बहनों ने नवीं मंजिल से कूदकर दी जान

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad Sisters Suicide: दिल्ली से सटे गाजियाबाद की 'भारत सिटी' सोसाइटी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात मातम पसर गया। टावर B-1 के फ्लैट नंबर 907 में रहने वाले चेतन कुमार की तीन बेटियों ने एक साथ 9वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। रात के सन्नाटे में जब चीख-पुकार मची, तो पूरा इलाका दहल उठा।

पुलिस को मिला सुसाइड नोट

बताया जा रहा है कि वे तीनों खाना खाने, स्कूल जाने और सोने तक हर काम साथ करती थीं और अंत में यह घातक कदम भी उन्होंने साथ ही उठाया। मृतक बहनों की पहचान निशा (16), प्राची (14) और पाखी (12) के तौर पर हुई है। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। नोट की शुरुआत में लिखा है, "A True Life Story... इस डायरी में जो कुछ लिखा है वो सब पढ़ लो, क्योंकि ये सब सच है।" नोट के अंत में, "I'm Really Sorry Papa" और साथ में एक उदास चेहरा (Sad Emoji) बनाया गया है। पुलिस फिलहाल इस लिखावट और सुसाइड नोट की सत्यता की जांच कर रही है।

डिजिटल गेमिंग की जानलेवा लत

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक तीनों बहनें कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं। वे एक 'ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम' खेलती थीं, जो उन्हें लगातार अलग-अलग चुनौतियां देता था। डीसीपी, निमिष पाटिल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बच्च्यिों को फोन का इस्तेमाल करने के लिए रोका गया था और उसी से ये लड़कियां थोड़ी परेशान थीं। पुलिस को रात करीब 2:15 पर सूचना मिली कि थाना टेला मोड़ स्थित भारत सिटी में टावर बी वन फ्लैट नंबर 907 की नौवीं मंजिल की बालकनी से तीन बच्चियां कूद गई हैं। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई है। हालांकि पुलिस ने यह साफ किया है कि अबतक के जांच में किसी ऑनलाइन गेम के जानकारी सामने नहीं आई है।

माता-पिता का फोन लेना बनी नाराजगी की वजह?

बच्चियों की स्मार्टफोन की लत से परेशान होकर उनके माता-पिता ने कुछ समय पहले उनसे मोबाइल ले लिया था। फोन छीने जाने से तीनों बहनें काफी नाराज थीं और पिछले कई दिनों से स्कूल भी नहीं जा रही थीं। बच्चियों के पिता ने यह बात बताई कि किसी वो लगातार किसी गेम की बात करते रहती थीं और उनकी पढ़ाई भी लगातार नहीं चल रही थी। पिछले दो-ढाई सालों से उनका स्कूल जाना प्रभावित था। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या फोन की कमी या गेमिंग टास्क के किसी दबाव ने उन्हें इस आत्मघाती कदम के लिए उकसाया।

डिजिटल जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

पुलिस ने तीनों बहनों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड्स को जब्त कर लिया है। एक्सपर्ट्स यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे किस स्पेसिफिक ऐप का इस्तेमाल कर रही थीं और क्या यह 'ब्लू व्हेल' या 'मोमो चैलेंज' जैसा कोई जानलेवा गेम था या बात कुछ और है। एक साथ तीन बेटियों को खोने के बाद पिता चेतन कुमार गहरे सदमे में हैं।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article