शहर

गाजियाबाद में 17 साल की छात्रा ने की आत्महत्या, ब्रेकअप के बाद परेशान करने का आरोप, 4 पर FIR

Ghaziabad News: गाजियाबाद के वैशाली में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या मामले में पुलिस ने सहपाठी समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि ब्रेकअप के बाद सहपाठी छात्रा को परेशान करता और धमकाता था।

Image

छात्रा सुसाइड केस में सहपाठी समेत 4 लोगों पर FIR

Ghaziabad Student Suicide Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय छात्रा ने मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार का आरोप है कि ब्रेकअप के बाद सहपाठी छात्रा को परेशान करता था और उसे धमकियां देता था। मानसिक तनाव के चलते उसने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। पुलिस ने इस मामले में मृतका के क्लासमेट समेत कुल 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।

24 अगस्त को छात्रा ने की आत्महत्या

यह पूरा मामला कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली इलाके का है। परिजनों के अनुसार, छात्रा दिल्ली के विवेक विहार स्थित एक स्कूल में पढ़ाई करती थी। स्कूल में ही पढ़ने वाले एक छात्र से उसकी दोस्ती थी, लेकिन बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया। आरोप है कि इसके बाद से सहपाठी छात्र लगातार उसे व्हाट्सएप और वीडियो कॉल के जरिए परेशान करने लगा। आरोपी छात्र छात्रा को उसके परिवार को बदनाम करने की धमकियां दे रहा था, जिसके चलते छात्रा गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी। परिवार का आरोप है कि छात्रा ने तनाव और धमकियों के दबाव के कारण स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। जिसके बाद 24 अगस्त को उसने अपने घर में ही आत्महत्या कर ली।

परिवार ने फोन चेक किया तब हुआ खुलासा

इस घटना के बाद परिवार सदमे में था, बाद में जब परिजनों ने छात्रा का मोबाइल फोन चेक किया, तब उन्हें कथित तौर पर व्हाट्सएप चैट और कॉल के जरिए छात्रा को परेशान किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद छात्रा के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कौशांबी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी छात्र समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायत में लगाए गए आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार की ओर से यह भी बताया गया है कि छात्रा के पिता सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं, जबकि उसके दादा गृह मंत्रालय से रिटायर्ड अधिकारी हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article