शहर

गाजियाबाद में तीन मंजिला हार्डवेयर दुकान की छत ढही, मलबे में दबे 3 लोग; एक की हालत गंभीर

गाजियाबाद में तीन मंजिला हार्डवेयर दुकान की छत ढहने से तीन लोग मलबे में दब गए। जिनमें से दो लोगों मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे GTB अस्पताल रेफर किया गया।

Image

गाजियाबाद में दुकान की छत गिरी

Photo : ANI

Ghaziabad Accident: गाजियाबाद के लोनी इलाके में सोमवार देर शाम एक तीन मंजिला हार्डवेयर और सैनिटरी दुकान की छत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त इमारत में छह लोग मौजूद थे। जिनमें से तीन लोग छत और मलबा गिरने के कारण नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया

यह हादसा लोनी के गुलाब वाटिका मार्केट में स्थित तीन मंजिला इमारत में हुआ। गाजियाबाद के CFO राहुल कुमार ने बताया कि ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन को हादसे की सूचना मिलते ही लूनी वॉटर पुलिस स्टेशन से फायर टेंडर और ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से दूसरी गाड़ी मौके पर रवाना की गई। साथ ही वैशाली फायर स्टेशन से डिजास्टर रेस्क्यू वैन भी भेजी गई। मौके पर पहुंची टीमों ने देखा कि तीन मंजिला इमारत के मेजेनाइन और पहली मंजिल की छतें ढह गई थीं। जिसमें तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली। पुलिस और फायरकर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे से दो लोगों को बाहर निकाल लिया। दोनों को मामूली चोटें आई थीं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया युवक

जानकारी के अनुसार, एक अन्य व्यक्ति मलबे के अंदर काफी गहराई में फंसा हुआ था। उसे निकालने के लिए JCB की मदद से मलबा हटाया गया और दोनों तरफ से दीवारों को तोड़कर रास्ता बनाया गया। करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने युवक को बाहर निकाला। जिसकी पहचान 32 वर्षीय मुकेश यादव के रूप में हुई है। वह बेहोशी की हालत में था और उसकी हालत गंभीर थी। उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया और आगे के इलाज के लिए GTB अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया।

NDRF ने भी चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने टाइप-2 लाइफ डिटेक्टरऔर डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे मलबे की गहन जांच की। जांच के बाद यह सुनिश्चित किया गया कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है।रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त दुकान को सुरक्षित कर सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल राहत-बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article