शहर

UP में रेप के आरोपी का ग्रैंड वेलकम...LLB स्टूडेंट से दुष्कर्म करने वाले पर फूल बरसाए, जुलूस निकाला; वीडियो आया सामने

यूपी के गाजियाबाद में एलएलबी छात्रा से रेप का आरोपी 8 महीने बाद जमानत पर डासना जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने उस पर फूल बरसाए और उसे कंध पर बैठाकर जेल परिसर से सड़क तक ले गए। इतना ही नहीं गाड़ियों का काफिला निकालकर जुलूस निकाल कर उसका ग्रैंड वेलकम किया।

Image

गाजियाबाद में एलएलबी छात्रा से रेप करने वाले का फूल मालाओं से स्वागत

गाजियाबाद में पिछले दिनों एक एलएलबी छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी सुशील प्रजापति की जमानत पर रिहाई के बाद उसका भव्य स्वागत किया गया। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियों में आरोपी के समर्थकों ने जेल के बाहर फूल-मालाएं पहनाकर और गाड़ियों का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया, जिसके बाद मामला विवादों में आ गया। सोशल मीडिया पर लोग कानून पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं।

सुशील प्रजापति हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व नगर अध्यक्ष बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 2025 में मोदीनगर की एक एलएलबी छात्रा ने उसके खिलाफ मुरादनगर थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने गाजियाबाद कोर्ट में प्रैक्टिस और चैंबर दिलाने का झांसा देकर उसे फ्लैट पर बुलाया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया।

आरोपी पर 25 हजार का था ईनाम

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और अगस्त 2025 में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। करीब नौ महीने बाद जमानत मिलने पर 17 मई 2026 को वह जेल से बाहर आया। इस दौरान समर्थकों ने फूल बरसाकर और नारेबाजी करते हुए उसका स्वागत किया। वायरल वीडियो में आरोपी को कंधों पर उठाकर जुलूस निकालते हुए भी देखा गया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो संज्ञान में लिया गया है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रेप के आरोपी के स्वागत पर निंदा करते हुए महिला सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश ने कहा कि जिस प्रदेश में रेप के आरोपियों का इस तरह स्वागत हो, वहां महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। महिला सम्मान के खिलाफ ये मानसिकता क्या दर्शाती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें