Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस पर शराबी युवकों द्वारा हमले का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी युवकों ने यह हमला सोमवार रात मोदीनगर के गोविंदपुरी में गश्त कर रही पुलिस टीम पर किया। इस मारपीट में गोविंदपुरी चौकी के सिपाही अजयवीर व रामपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का एक निजी अस्पताला में इलाज चल रहा है। इस हमले की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल को रवाना किया गया। जिसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर खोजबीन शुरू की और देर रात को ही एक आरोपित को छोटी मार्केट से गिरफ्तार कर लिया।
इस हमले में घायल अजयवीर की शिकायत पर पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, पुलिस कार्य में बाधा डालने और हुड़दंग मचाने समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि, आरोपी युवकों ने पुलिसकर्मियों पर यह हमला तब किया, जब दोनों पुलिसकर्मी गश्त के दौरान इन युवकों को शराब के नशे में हुड़दंग मचाते हुए देख रोकने की कोशिश की। जिसके बाद युवकों ने दोनों पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। इस हमले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापा मार कार्रवाई कर रही हैं।
