गाजियाबाद

मेरठ में घर से निकले सैकड़ों सांप, घबराकर 50 को मारकर दफनाया, जांच में निकले बिना जहर वाले

रविवार की रात मेरठ जिले के समौली गांव में एक किसान के घर से सैकड़ों सांप निकलने लगे। गांव वालों के साथ मिलकर किसान के परिवार ने लगभग 50 सांपों को मारकर मिट्टी में दफन कर दिया गया। जब इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तब वन विभाग ने एक टीम को मौके पर भेजा।

Image

गांववालों ने डरकर मारे पचास से ज्यादा सांप

Photo : Times Now Digital

Meerut Snake: मेरठ जिले में एक किसान के घर से अचानक सैकड़ों सांप निकलने लगे। घटना से किसान के परिवार में ऐसा हड़कंप मचा कि गांव वालों के साथ मिलकर परिवार वालों ने करीब 50 सांप मार कर मिट्टी में दफन कर दिया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने एक टीम को मौके पर भेजा, जो ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

मेरठ जनपद के दौराला क्षेत्र स्थित समौली गांव में एक किसान महफूज सैफी रविवार रात सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें अपने आंगन में एक सांप दिखाई दिया, जिसे उन्होंने मार दिया। इसके कुछ ही देर में वहां एक के बाद एक कर कई सांप निकलने लगे। उन्होंने बताया कि परिजनों और गांव वालों की मदद से उन्होंने लगभग 50 सांपों को मारकर एक गड्ढे में दबा दिया।

वन विभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) राजेश कुमार ने सोमवार को 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सांपों को मारने और बिना सूचना दिए जमीन में दबा देने की बात सामने आई है। सांप वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत संरक्षित जीव हैं और किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले वन विभाग को सूचित किया जाना आवश्यक है।

DFO ने बताया, "वीडियो देखने पर प्रतीत होता है कि सांपों को मारा गया और उन्हें गड्ढे में दबाया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार ये पानी में पाए जाने वाले सांप हैं, जो जहरीले नहीं होते हैं। आमतौर पर यह नालियों आदि में रहते हैं। विभागीय टीम मौके पर है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।"

वन विभाग ने इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है और यह जांच की जा रही है कि कुल कितने सांप मारे गए तथा उन्हें कहां दबाया गया। विभाग ने आम जन से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी घटना की तत्काल सूचना वन विभाग को दें और किसी भी संरक्षित जीव को नुकसान न पहुंचाएं।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें