Sukma News: नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र के भंडारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए एक बड़े डंप का पता लगाया है। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर की गई। जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने 24 अगस्त को इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
23 हथियार बरामद किए गए
सर्चिंग के दौरान जंगल में छिपाए गए डंप से कुल 23 हथियार बरामद किए गए। इनमें एक SLR रायफल, .315 बोर रायफल, .410 मस्केट, 6 BGL लॉन्चर, 12 बोर की 5 रायफल और 7 भरमार बंदूकें शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षाबलों को बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक AK-47, SLR, INSAS, .303, .315 और 12 बोर के कुल 492 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। सबसे बड़ी बरामदगी में 240 जिलेटिन स्टिक और करीब 18 किलोग्राम गन पाउडर शामिल है। इसके अलावा 5 देशी हैंड ग्रेनेड और बड़ी संख्या में BGL सेल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद डंप में 8 बड़े, 23 मीडियम और 58 छोटे BGL सेल, साथ ही 66 BGL कार्ट्रिज भी शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने कई मैगजीन, मैगजीन पाउच, BGL पाउच और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री भी बरामद की है।
नक्सल नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता
सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री भी मिली है, जिसमें काले रंग की वर्दी, कमर पाउच, बेल्ट, पिट्ठू बैग, सोलर प्लेट, दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल हैं। सुकमा पुलिस के मुताबिक, जंगल और दुर्गम इलाकों में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डंप की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बनाए रखने के लिए सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
