गाजियाबाद

Shamli Road Accident: शामली में दर्दनाक हादसा, पानीपत-खटीमा हाईवे पर तेज रफ्तार कार कैंटर से टकराई, चार की मौत

Shamli Road Accident: यूपी के शामली जिले में पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार एक कैंटर में जा भिड़ी। इस हादसे में कार में सवार 4 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने सभी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।

Shamli Road Accident: उत्तर प्रदेश के शामली से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराडा फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा घुसी। इस हादसे में कार में सवार चारों लोगों मौत हो गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार से युवकों के शव को बाहर निकाला गया। सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार की यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया और वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस भीषण टक्कर के कारण कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एएसपी संतोष कुमार और बाबरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में नशे की आशंका

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और कुछ महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है। एएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त कार चरखीदादरी नंबर की है। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय ये चारों युवक मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। इस दुर्घटना के दौरान युवकों के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है, क्योंकि पुलिस को कार के अंदर से कुछ शराब की बोतलें भी बरामद हुई है। पुलिस अब इस बात की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है कि क्या युवक दुर्घटना के समय नशे में थे या नहीं, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो पाएगी। दुर्घटना के बाद पुलिस ने सड़क किनारे खड़े कैंटर को भी कब्जे में ले लिया है।

मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी

पुलिस इस समय दुर्घटना में मारे गए चारों युवकों की पहचान करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है ताकि उनके परिवारों को सूचित किया जा सके। चूंकि कार का नंबर चरखीदादरी का है, इसलिए पुलिस हरियाणा पुलिस से संपर्क साधकर मृतकों का विवरण जुटा रही है। एएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जाएगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article