Ghaziabad: रैपिड ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। यूपी परिवहन विभाग के अधिकारियों ने रैपिड ट्रेन के साहिबाबाद, गाजियाबाद व गुलधर स्टेशन से शहर के विभिन्न रूट पर बसें चलाने के लिए पहले ही अनुमति मिल गई है। इन स्टेशनों से 17 रूट पर 114 बसें चलाई जाएंगी। परिवहन अधिकारी अब अन्य स्टेशन से भी बसों के लिए रूट का खाका तैयार करने में जुटे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद जिला क्षेत्र में आने वाले दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर दक्षिण व मोदीनगर उत्तरी स्टेशन पर भी बस सर्विस शुरू की जाएगी।
इसके अलावा मेरठ जिले में आने वाले रैपिड रेल के 13 स्टेशनों मोदी पुरम डिपो, मोदीपुरम, उत्तरी मरेठ, दौरली, एमईएम कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, मेरठ दक्षिण, परतापुर, रिठानी और शताब्दी नगर में भी बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। आरटीओ गाजियाबाद अरुण कुमार ने इस बस सेवा की जानकारी देते हुए बताया कि मेरठ मंडलायुक्त की तरफ से जरूरी निर्देश जारी कर दिया गया। सभी 17 17 रैपिड स्टेशनों पर बसों का रूट तय करने के लिए एनसीआरटीसी अधिकारियों को भी पत्र भेजा गया। इन रूट पर बसों को चलाने के लिए पहले सर्वे किया जाएगा। जिसके बाद इनके रूट और बसों की संख्या तय की जाएगी।
