गाजियाबाद

3500 से कम में गाजियाबाद से अहमदाबाद और इंदौर, हिंडन एयरपोर्ट से जल्द भरेंगे उड़ान

गाजियाबाद के हिंडन हवाई अड्डे से उड़ानों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। फिलहाल यहां से 14 शहरों के लिए 15 उड़ानें चल रही हैं, जो 20 जुलाई से बढ़कर 25 हो जाएंगी। इंडिगो, अहमदाबाद और इंदौर को जोड़ते हुए हिंडन से 9 नई उड़ानें शुरू कर रहा है।

Image

गाजियाबाद से अहमदाबाद के लिए शुरू होगी उड़ान (फोटो - www.aai.aero/en/airports/hindon)

देश की राजधानी दिल्ली से सटे NCR के प्रमुख शहर गाजियाबाद स्थित हिंडन हवाई अड्डा अब उत्तर भारत के प्रमुख हवाई केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां से देश के कई शहरों के लिए उड़ानों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। फिलहाल यहां से 14 शहरों के लिए रोजाना 15 उड़ानों का संचालन हो रहा है। खुशखबरी ये है कि इसी महीने के अंत तक यह संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।

आगामी 20 जुलाई से इंडिगो एयरलाइंस हिंडन एयरपोर्ट से अहमदाबाद और इंदौर को जोड़ते हुए नौ नई उड़ानें शुरू करने जा रही है। इन उड़ानों के शुरू होने के साथ ही हिंडन हवाई अड्डे से जुड़ने वाले शहरों की संख्या 16 हो जाएगी।

ज्ञात हो कि फरवरी 2025 तक हिंडन से सिर्फ पांच शहरों के लिए उड़ानों की सुविधा थी और केवल दो कंपनियां ये सेवाएं दे रही थीं। मार्च 2025 से स्थिति तेजी से बदली है। अब एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्टार एयर और फ्लाई बिग जैसे विमान सेवा कंपनियां मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, गोवा, भुवनेश्वर, पटना, कोलकाता, जयपुर, वाराणसी, किशनगढ़, नांदेड़, आदमपुर, लुधियाना और बठिंडा के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं।

इंडिगो की नई उड़ानों से अहमदाबाद और इंदौर की यात्रा और भी सुगम हो जाएगी। अहमदाबाद से सुबह 8:55 बजे उड़ान भरकर विमान सुबह 10.25 बजे हिंडन एरयपोर्ट पहुंचेगा। वापसी में शाम 5:35 बजे हिंडन से उड़ान भरकर विमान रात 7.05 बजे अहमदाबाद पहुंचेगा। इंदौर के लिए उड़ान दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर 3:30 बजे पहुंचेगी, वापसी में विमान शाम 4:00 बजे उड़ान भरकर शाम 5.20 बजे इंदौर पहुंचेगा।

बड़ी बात ये है कि इन उड़ान सेवाओं के लिए किराया 3500 रुपये से कम होगा, जो ट्रेन की तुलना में तेज, सस्ती और सुविधाजनक विकल्प बनेंगी। 20 जुलाई से बेंगलुरु के लिए चार और मुंबई, गोवा, पटना, कोलकाता, वाराणसी और चेन्नई के लिए दोहरी उड़ान सुविधा मिलेगी। हिंडन एयरपोर्ट को अब एक बेहतर विकल्प के रूप में देखा जा रहा है, जो दिल्ली एनसीआर के यात्रियों के लिए समय और लागत दोनों की बचत करेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article