Ghaziabad: गाजियाबाद में एक 11 साल के बच्चे ने बहादुरी दिखाते हुए एक बड़ी अनहोनी टाल दी। अपहरण करने आए बदमाशों से बच्चा भिड़ गया और एक अपहरणकर्ता का हाथ काट कर उनके चंगुल से भाग निकला। बच्चा पीछा कर रहे अपहरणकर्ताओं से पीछा छुड़ाने के लिए बगैर रूके और थके लगातार दो किमी. तक दौड़ता रहा और सकुशल बदमाशों के चंगुल से खुद को बचा लिया। यह घटना है गाजियाबाद के थाना मुरादनगर इलाके की। बदमाशों ने बीते शनिवार को एक व्यापारी के बच्चे के अपहरण की कोशिश की थी, लेकिन बच्चे की बहादुरी की कहानी अब सबके सामने आई है।
इस बहादुर बच्चे का नाम आरव है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 364 और धारा 511 के तहत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की पहचान करने की कोशिश में जुटी हैं। मुरादनगर पुलिस थाने के एसएचओ सतीश कुमार ने कहा कि, इस घटना की जांच और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। घटना वाले इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
