Ghaziabad News: गाजियाबाद में लंबे समय से मॉडल रोड बनाने की तैयारी की जा रही है। मॉडल रोड के रूप में शेषनाग द्वार से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन तक सड़क को विकसित किया जाना था। लेकिन अब इस फैसले में बदलाव किए गए हैं। शेषनाग द्वार से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की बजाय अब, मोहन नगर से वैशाली मेट्रो स्टेशन होकर आनंद विहार तक करीब आठ किलोमीटर लंबी सड़क का विकास किया जाएगा। इस सड़क का कायाकल्प करने की तैयारी करते हुए नगर निगम के निर्माण विभाग ने सर्वे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बता दें कि मॉडल रोड परियोजना के डीपीआर में तीसरी बार संशोधन किया गया है। स्थानीय अधिकारी संशोधित डीपीआर को लेकर मंगलवार को लखनऊ जाएंगे, जहां इस पर चर्चा की जाएगी।
क्यों बदला गया मॉडल रोड का प्लान
नगर निगम के निर्माण विभाग और अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी ने मॉडल रोड में विकसित करने के लिए चार सड़कों की मैपिंग की थी। इसमें शेषनाग द्वार से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन को जोड़ने वाली सड़क को भी चुना गया था। लेकिन इस सड़क के बीच जल निगम की बड़ी सीवर लाइन है। इसे शिफ्ट करना भी संभव नहीं है। इस कारण सड़क को हटाकर मोहन नगर चौराहे से वैशाली मेट्रो स्टेशन, डाबर तिराहा से आनंद विहार को जोड़ने वाली सड़क का चयन मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के लिए किया गया। अब, नगर निगम द्वारा इस सड़क का सर्वे करवाया जाएगा।
मॉडल रोड के रूप में विकसित होंगी ये सड़के
मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत मॉडल रोड के रूप में विकसित होने वाली चारों सड़के इस प्रकार है -
1. हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से मोहन नगर बस स्टैंड
2. हिंडन मेट्रो स्टेशन से एलिवेटेड रोड चौराहा
3. एलिवेटेड रोड से राजनगर एक्सटेंशन
4. मोहन नगर चौराहा से वैशाली मेट्रो से डाबर तिहारा से आनंद विहार
मॉडल रोड की खासियत
इन चारों सड़कों को मॉडल रोड के रूप में तैयार करने के लिए यहां ई-बस शेल्टर और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं साइकिल और पैदल यात्रा करने वाले लोगों के लिए साइकिल ट्रैक और फुटपाथ बनाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, मॉडल रोड का विकास के लिए 351 करोड़ रुपये तक का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।
दो चरणों में होगा सड़कों का विकास
मॉडल रोड के विकास के लिए बजट मिलते ही दो चरण में इसका कार्य शुरू किया जाएगा। पहल और दूसरे चरण में दो-दो सड़कों का विकास किया जाएगा। पहले चरण में में हिंडन एयरपोर्ट स्टेशन से मोहन नगर बस स्टैंड का विकास किया जाएगा। इसके अलावा अभी दूसरी सड़क का चयन नहीं किया गया है।
प्लास्टिक मिश्रण से बनेगा मॉडल रोड
सड़कों के निर्माण की तकनीक में बदलाव करने के शासन के निर्देश के बाद, नगर निगम ने प्लास्टिक के मिश्रण से सड़क बनाने का फैसला लिया है। इससे न केवल खर्चा कम होगा बल्कि सड़के पहले की तुलना में और मजबूत होंगी। बारिश से इसके खराब होने का डर भी खत्म हो जाएगा। इसके अलावा प्लास्टिक कचरे का निपटारा होगा और उससे पर्यावरण भी दूषित नहीं होगा।
