Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। इसी बीच गाजियाबाद के लोगों के लिए एक नई ऐप लॉन्च की गई है। इस ऐप का उपयोग कर आप शहरवासी नगर निगम से जुड़ी एक या दो नहीं कुल 66 सेवाओं का घर बैठे लाभ उठा सकते हैं। जहां पहले शिकायतों का समाधान होने में 4 से 6 महीने का समय लगता था। अब उन्हें पूरा करने में चंद घंटों का समय लगेगा। ऐप के माध्यम से आपके द्वारा की गई शिकायत या किसी अन्य सुविधा के लिए भरे गए फॉर्म का स्टेट्स जान सकते हैं। मंगलवार यानी आज से आम जनता ऐप का उपयोग कर सकती है।
बता दें कि इस ऐप का नाम गाजियाबाद-311 है। ऐप को तैयार करने के लिए दिल्ली, इंदौर जैसे कई बड़े नगर निगमों का अध्ययन किया गया है। उसके आधार पर गाजियाबाद-311 ऐप को तैयार कर हिंदी भवन में महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा लॉन्च किया गया था।। न केवल शिकायत आदि के लिए बल्कि इस ऐप का प्रयोग कर ऑनलाइन पढ़ाई भी की जा सकती है। जानकारी के अनुसार, इस ऐप पर ई-लाइब्रेरी के साथ कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक सीबीएसई के सिलेबस व पाठ्यक्रम सामग्री भी मिल जाएगी।
प्रमुख सुविधाएं
- शहर में सफाई संबंधित समस्याएं
- पेयजल आपूर्ति की समस्या के लिए शिकायत
- उद्यान विभाग संबंधित समस्याएं
- टूटी सड़क से संबंधित समस्याएं
- सीवर की सफाई से संबंधित समस्या
- डेयरी
- पार्किंग
- ट्रेड लाइसेंस
- स्ट्रीट लाइट
- म्यूटेशन
- कैटल केचिंग
- जलकल
- निर्माण
- अतिक्रमण
- सीवर
- हाउस टैक्स
- जन्म प्रमाणपत्र
- मृत्यु प्रमाणपत्र
- ई-लाइब्रेरी
- सामुदायिक सुविधा केंद्र
- डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के जरिए किताबें, बर्तन आदि सामग्री दान सुविधा
- वार्ड संबंधित समस्याएं
- बिलों का ऑनलाइन भुगतान
- आरटीआई के लिए आवेदन
- वायु प्रदूषण संबंधित शिकायत
ऊपर दी गई सेवाओं सहित करीब 66 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध है। इन सेवाओं को प्राप्त करने के लिए 23 विकल्प दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस ऐप के माध्यम से की गई शिकायत जियो टैग होकर संबंधित विभाग तक पहुंचेगी।
