Amroha Accident: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार की टक्कर से बाइक सवार और उसके परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। बेकाबू हुई कार बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसी, जिससे दो अन्य लोग घायल हो गए। इस हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हादसे में जान गवाने वाले मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि किस प्रकार तेज रफ्तार बाइक सवार को टक्कर मारते हुए होटल में जा घुसी। कार की टक्कर से बाइक सवार कई फीट ऊपर उछला और फिर नीचे जा गिरा। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला गांव रहरा के पास का है। पुलिस ने मृतकों की पहचान 50 वर्षीय पूरन, उनकी 45 वर्षीय पत्नी और 18 वर्षीय बेटे के रूप में की है। पुलिस ने बताया होटल में कार से घुसने से वहां बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है। पुलिस ने बताया कि मृतक परिवार के लोग रक्षाबंधन की खरीदारी के बाद घर लौट रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए।